Ambala City News: हैरत की बात यह है कि लड़कियां डूबने लगीं तो बाहर खड़े लोग उन्हें बचाने की बजाय वीडियो बनाने लगे।
Girls Died after Drowning: अंबाला सिटी में तालाब में डूबकर 2 लड़कियों की मौत हो गई। दोनों लड़कियां यहां कंप्यूटर कोर्स करने आईं थी। सुबह 2 घंटे की क्लास लगाने के बाद दोनों पार्क घूमने चलीं गईं। हैरत की बात यह है कि लड़कियां डूबने लगीं तो बाहर खड़े लोग उन्हें बचाने की बजाय वीडियो बनाने लगे। तभी एक शख्स आया और लड़कियों को डूबता देख तालाब में कूद गया।
दोनों को जब तक बाहर निकाला गया, वे बेहोश हो चुकी थीं। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मरने वाली दोनों लड़कियां हरियाणा के अंबाला क्षेत्र की ही रहने वाली हैं। पुलिस ने घटना के बाद पार्क को बंद कर दिया है। पुलिस परिजनों से मामले की पूछताछ कर रही है।
महावीर पार्क में घूमने आ गईं दोनों
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अंबाला सिटी के सुल्तानपुर स्थित शिवपुरी कॉलोनी की अंजलि (17) और गांव बरनाला की जैसमीन (17) सिटी में कंप्यूटर टेली का कोर्स कर रहीं थीं। उन्होंने आज मंगलवार सुबह 9 से 11 बजे तक कंप्यूटर टेली की क्लास की। इसके बाद दोनों अग्रसेन चौक के पास स्थित महावीर पार्क में घूमने आ गईं।
मामले में जांच अधिकारी मनेन्द्र सिंह ने बताया कि लड़कियों की मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। साथ ही सावधानी के तौर पर पार्क को बंद करा दिया गया। वहां घूमने आए लोगों को पार्क से बाहर कर दिया गया।
इस घटना की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। अंजलि के पिता रमेश कुमार ने बताया कि दोनों लड़कियां पढ़ने में काफी होशियार थीं। वे अपनी मर्जी से ही अंबाला शहर की एक कोचिंग कंप्यूटर टेली का कोर्स कर रहीं थी।
बता दें कि महावीर पार्क अंबाला सिटी का फेमस पार्क है। यहां तालाब के साथ साथ बच्चों के खेलने की भी सुविधा है। इस पार्क का सुंदरीकरण का काम वर्ष 2017 में शुरू हुआ था, जो अभी तक चल रहा है।