Haryana News: समालखा थाना के जांच अधिकारी ने बताया कि बाइक बेकाबू होकर गिर गई। दोनों के सिर फुटपाथ में लगे। जिससे उनकी मौत हुई है।
Road Accident in Panipat: पानीपत जिले में समालखा कस्बे के गांव ढीढार और नामुंडा के बीच सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों दोस्त पेशे से राजमिस्त्री थे। दोनों उत्तर प्रदेश के शामली से बाइक पर सवार होकर गांव ढीढार जा रहे थे। जहां वो अपने किसी रिश्तेदार का पता लेने पहुंच जा थे। लेकिन इससे पहले ही सड़क हादसे का शिकार हो गए।
दोनों सड़क किनारे मृत पड़े देख राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को सिविल अस्पताल भिजवाया। जहां उनका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है।
एक यूपी और दूसरा राजस्थान का रहने वाला
शामली के रामनगर निवासी मेहरबान ने बताया कि उसका भांजा साजिद (23) शामली के खेड़ी करमू गांव का रहने वाला था। वह पेशे से राम मिस्त्री था। उसका 6 माह पहले ही निकाह हुआ था। साजिद पानीपत में फरीद ठेकेदार के पास काम करता था।
यहीं पर राजस्थान के भिवाड़ी गांव निवासी पन्नू झा भी मजदूरी करता था। पन्नू झा ढिंढार गांव में किराए पर रहता था। साजिद मजदूर पन्नू झा के साथ शनिवार सुबह 11 बजे उनके घर रामनगर में आया था। वह यहां से तीन बजे घर के लिए निकले थे। उन्हें सवा 6 बजे सूचना मिली की दोनों ढिंढार गांव के पास सड़क हादसे का शिकार हो गए।
फुटपाथ पर सिर लगने से हुई मौत: पुलिस
समालखा थाना के जांच अधिकारी नरेश ने बताया कि बाइक बेकाबू होकर गिर गई। दोनों के सिर फुटपाथ में लगे। जिससे उनकी मौत हुई है। रविवार को दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम होगा।