Rahul Fazilpuria पर फायरिंग करने वाले जिस कार में सवार थे वो कार भी बरामद हो गई है। कार में जो आरोपी सवार थे वो अभी गिरफ्तार नहीं हुए हैं।
Rahul Fazilpuria Firing Case: हरियाणवी सिंगर-रैपर राहुल फाजिलपुरिया पर गुरुग्राम में सोमवार रात हुई फायरिंग में बड़ा खुलासा हुआ है। हमलावर 2 गाड़ियों में फाजिलपुरिया का पीछा कर रहे थे। एक कार पंच और दूसरी हैरियर थी।
हमले से पहले का एक CCTV फुटेज सामने आया है। जिसमें हमलावरों की पंच फाजिलपुरिया की थार का पीछा करते हुए नजर आ रही है, जो तेजी से थार को ओवरटेक करने की भी कोशिश करती है।
ऐसा लग रहा है कि वह आगे जाकर फाजिलपुरिया की थार को ब्लॉक कर गोलियां बरसाने वाले थे। हालांकि फाजिलपुरिया ने थार गाड़ी भगाकर जान बचा ली।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि शिकायत पर हमने केस रजिस्टर्ड कर लिया था। हमें घटनास्थल पर एक गोली लगने का निशान मिला है। लोहे की जालियों को सबूत के तौर पर ले लिया है। आरोपी की पहचान हो गई है। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। फायरिंग करने वाले जिस कार में सवार थे वो कार भी बरामद हो गई है। कार में जो आरोपी सवार थे वो अभी गिरफ्तार नहीं हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि हमलावरों को पकड़ने के लिए 2 टीमें गठित की गई हैं। जिसमें क्राइम ब्रांच को भी शामिल किया गया है। अभी तक की जांच में सामने आया कि फाजिलपुरिया पर सटीक रेकी कर हमला किया गया।
पूरी प्लानिंग के साथ हुआ फाजिलपुरिया पर हमला
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि फाजिलपुरिया पर पूरी प्लानिंग के साथ हमला किया गया। हमलावर पहले से उनकी रेकी कर रहे थे। जिस वक्त हमला हुआ, फाजिलपुरिया अकेले ही थार गाड़ी में सवार थे। सोमवार शाम करीब साढ़े 6 बजे वह गांव फाजिलपुर से सेक्टर 80 स्थित घर में जा रहे थे। सेक्टर 71 के पास उनकी गाड़ी को घेरकर फायरिंग करने की कोशिश की गई। मगर, सिंगर ने हमलावरों के इरादे भांप लिए और थार दौड़ा ली। जिस वजह से हमलावर उनके पीछे गोलियां चलाते रहे लेकिन उन्हें या उनकी थार को कोई नुकसान नहीं हुआ।