Russia Earthquake, Tsunami: रूस के तटवर्ती इलाके कामचटका में 8.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार ये भूकंप समुद्र के नीचे आया, जिसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।
Tsunami warning issued: रूस के कामचटका में 8.7 की तीव्रता का भूकंप आया, जिसके बाद सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई है। इसके साथ ही अमेरिका और जापान में अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि रूस के तटीय क्षेत्र में दुनिया के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक आया है। बुधवार तड़के रूस के सुदूर पूर्व में 8.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसने उत्तरी प्रशांत क्षेत्र में सुनामी ला दी और अलास्का, हवाई और दक्षिण में न्यूजीलैंड तक चेतावनी जारी कर दी गई। इसी बीच कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने कहा, “आज का भूकंप बहुत तेज था और दशकों में आए सबसे शक्तिशाली झटकों में से एक था।”
Japan Meteorological Agency ने बताया है कि लगभग 30 सेमी (करीब एक फुट) ऊंची सुनामी की पहली लहर होक्काइडो के पूर्वी तट पर स्थित नेमुरो तक पहुंची। स्थानीय गवर्नर वालेरी लिमारेंको के अनुसार, पहली सुनामी लहर प्रशांत महासागर में रूस के कुरील द्वीप समूह की मुख्य बस्ती सेवेरो-कुरीलस्क के तटीय क्षेत्र से टकराई। उन्होंने कहा कि लोग सेफ हैं और खतरा टलने तक ऊंची जगहों पर रहने के लिए कहा गया है। इंडोनेशिया और फिलीपींस ने भी सुनामी की चेतावनी जारी की है।
भूकंप के बाद अमेरिका तक अलर्ट
रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद हवाई द्वीपसमूह के सभी तटीय इलाकों में सुनामी से नुकसान की चेतावनी जारी की गई है। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र (NWS) ने कहा है कि पहली लहर के बाद भी कई घंटे तक खतरा बना रह सकता है, क्योंकि बाद की लहरें अधिक विनाशकारी हो सकती हैं। चेतावनी में कहा गया, ‘हर दिशा में समुद्री लहरें प्रभावी होती हैं, इसलिए हर तट प्रभावित हो सकता है।’ पहली लहर के हवाई में स्थानीय समयानुसार शाम 7:17 बजे पहुंचने की संभावना जताई गई है। अधिकारियों ने लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
ट्रंप ने कहा- सेफ रहें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने X पर कहा है कि प्रशांत महासागर में आए भूकंप के कारण, हवाई में रहने वालों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। अलास्का और संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रशांत तट पर निगरानी जारी है। जापान भी खतरे में है।
जापान के कई इलाकों में लहरों की ऊंचाई बढ़ी
रूस में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद जापान के होक्काइडो द्वीप और रूस के कुछ हिस्सों में सुनामी की पहली लहरें दर्ज की गईं, जिनकी ऊंचाई शुरुआती अनुमान से काफी कम, लगभग 30-40 सेंटीमीटर रही। जापानी अधिकारियों ने चेताया है कि दूसरी या तीसरी लहर पहले से बड़ी हो सकती है। इसी बीच अलास्का के एमचिटका ज्वालामुखीय द्वीप पर भी समुद्री जलस्तर में एक फुट की वृद्धि दर्ज की गई, जो अब तक की सबसे ऊंची लहर मानी जा रही है।
कर्मचारियों को निकाल खाली करवाया गया फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट
रूस के सुदूर पूर्व में बुधवार को आए 8.7 तीव्रता के भूकंप और सुनामी चेतावनी के बाद जापान के उत्तर-पूर्वी फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट से सभी कर्मचारियों को एहतियातन सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्लांट ऑपरेटर TEPCO की प्रवक्ता ने बताया कि ‘कोई असामान्यता दर्ज नहीं की गई है,’ और साइट पूरी तरह सुरक्षित है। गौरतलब है कि यही प्लांट 2011 में भूकंप और सुनामी के कारण भीषण परमाणु दुर्घटना का शिकार हुआ था।
फिलीपींस और इंडोनेशिया में भी सुनामी चेतावनी
रूस के पूर्वी तट पर आए 8.8 तीव्रता के भूकंप के बाद फिलीपींस और इंडोनेशिया ने अपने तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी की है। फिलीपींस के ज्वालामुखी और भूकंपीय संस्थान (PHIVOLCS) के अनुसार, देश के प्रशांत महासागर से सटे तटवर्ती क्षेत्रों में 1 मीटर तक ऊंची लहरें दोपहर 1:20 बजे से 2:40 बजे के बीच पहुंच सकती हैं। वहीं, इंडोनेशिया की भू-भौतिकी एजेंसी ने भी चेताया है कि बुधवार दोपहर कुछ क्षेत्रों में 0.5 मीटर तक की लहरें आ सकती हैं।
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हवाई, कैलिफ़ोर्निया और अमेरिका के अन्य पश्चिमी तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी होने के बाद एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि सैन फ्रांसिस्को में स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास कामचटका प्रायद्वीप में आए 8.7 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी के खतरे पर नज़र रख रहा है।