Mumbai Monorail Breakdown : मुंबई में मंगलवार शाम को भारी बारिश के बीच एक मोनोरेल ट्रेन खराब होने से यात्रियों की जान पर बन आई। मैसूर कॉलोनी स्टेशन के पास बिजली आपूर्ति में समस्या के कारण मोनोरेल ऊंचे ट्रैक पर अटक गई।
Monorail Train Broke Down: मुंबई में भारी बारिश के कारण मैसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क स्टेशनों के बीच एलिवेटेड मोनो रेल फंस गई। बारिश में रेस्क्यू के लिए क्रेन का प्रयोग किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। यात्री बिना एसी के करीब कई घंटे तक ट्रेन के अंदर ही फंसे रहे।
मुंबई के अतिरिक्त नगर आयुक्त अश्विनी जोशी ने कहा कि मुंबई मोनोरेल में यात्रियों की संख्या क्षमता से अधिक हो गई। वहीं बिजली आपूर्ति कनेक्शन टूटने से ट्रेन रुक गई। वहीं सीएम ने घटना की जांच कराने की बात कही है। कई घंटे फंसे रहने के बाद सभी यात्रियों को क्रेन की मदद से निकाला गया। एक शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोनोरेल में सवार यात्रियों ने बताया कि ट्रेन के रुकने के बाद AC बंद हो गया, जिससे ट्रेन के अंदर घुटन पैदा हो गई। एक यात्री ने कहा, “घुटन बहुत ज्यादा थी, खासकर महिलाओं और बच्चों को परेशानी हुई। खिड़की को थोड़ा तोड़कर हवा के लिए जगह बनाई गई।” यात्रियों ने एक-दूसरे को हिम्मत देकर स्थिति को संभाला। एक यात्री ने कहा, “मोनोरेल की सर्विस हमेशा से खराब रही है। अगर आग लग जाती, तो शायद कोई भी यात्री सुरक्षित नहीं बच पाता।”
मुंबई फायर ब्रिगेड ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन स्नॉर्कल वाहनों की मदद से यात्रियों को सुरक्षित निकालने का ऑपरेशन शुरू किया। कुछ खिड़कियों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया। साथ ही मोनो रेल फंसने पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी को चिंता करने या घबराने की जरूरत नहीं है। मैं सभी लोगों को अपील करता हूं कि संयम बनाय रखें। इसकी जांच होगी कि ये घटना क्यों हुई?
http://x.com/Dev_Fadnavis/status/1957810077517353291
मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट
महाराष्ट्र में भारी बारिश और जलभराव के कारण मध्य रेलवे ने 14 लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द कर दिया है। मुंबई एयरपोर्ट के रनवे पर बारिश के पानी ने कब्जा कर लिया है। मीठी नदी का पानी अंबेडकर नगर बीकेसी के झुग्गी बस्ती इलाके में घुस गया है। इसके अलावा मायानगरी के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। मूसलधार बारिश, समंदर में हाई टाइड के खतरे और मीठी नदी के रौद्र रूप के कारण मौसम विभाग ने मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।