Himachal Pradesh News: पूरी घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग रात को घर के बाहर आने जाने से परहेज कर रहे हैं.
Leopard Hunts Pet Dog in Solan: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की में हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां पर एक घर में आधी रात को तेंदुए का घुसने का वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में तेंदुएं ने कुत्ते का शिकार किया और फिर उसे लेकर भाग गया. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. हैरानी इस बात की है कि कुत्ता घर की दूसरी मंजिल पर सो रहा था।
गांव के एक मकान में तेंदुआ आधी रात को दबे पांव दूसरी मंजिल की बालकनी से घर में दाखिल हुआ और वहां से एक पालतू कुत्ते को मुंह में दबाकर ले गया। घटना 15 जून की रात की बताई जा रही है। वीडियो फुटेज के मुताबिक तेंदुआ रात 1 बजकर 21 मिनट पर घर की बालकनी में दिखाई देता है। वह कुछ देर आसपास का जायज़ा लेता है और फिर अचानक कुत्ते को दबोच कर भाग जाता है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुआ कई बार दिन में भी देखा जा सकता है। पहले भी कई पालतू कुत्तों का शिकार कर चुका हैं। सीसीटीवी में तेंदुआ पहली बार कैद हुआ है। मलावन के ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। तेंदुए से खासकर महिलाएं व बच्चे सहमे हुए हैं। दिन में भी तेंदुआ देखे जाने से लोग खेतों में जाने से घबराने लगे हैं।
इसके साथ ही वन विभाग ने मौके का मुआयना किया है और लोगों को रात के समय सतर्क रहने और पालतू जानवरों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।