New Changes from September: अगस्त खत्म होने ही वाला है और सितंबर 2025 की शुरुआत कुछ नए नियम और बदलाव के साथ हो रही है, जिसका असर आपके बजट पर पड़ सकता है।
New Rules September 2025: हर महीने की तरह सितंबर 2025 महीने में भी कई बदलाव होने वाले हैं, इससे आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ सकता है। 1 सितंबर 2025 से कई बदलाव लागू होंगे। इससे आपका घरेलू बजट और रोजमर्रा के खर्चों पर असर पड़ सकता है।
चांदी की हॉलमार्किंग से लेकर एसबीआई कार्ड पर बढ़े शुल्क, एलपीजी की कीमतों में बदलाव, एटीएम से पैसे निकालने पर लगने वाला शुल्क और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) की ब्याज दरों में बदलाव की संभावना है। इन सभी बदलावों से सीधे तौर पर उपभोक्ताओं की जेब पर असर पड़ेगा।
चांदी की खरीद पर नए नियम: सरकार अब सोने की तरह चांदी की बिक्री और खरीद को लेकर सख्ती बरतने जा रही है। चांदी के गहनों पर हॉलमार्किंग अनिवार्य करने की तैयारी है। इसका मतलब है कि चांदी की शुद्धता और दामों में पारदर्शिता बढ़ेगी। निवेशक और खरीदारों को अब ज्यादा भरोसे के साथ सौदा मिलेगा। इधर जानकारों का कहना है कि इससे चांदी की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है। चांदी के आभूषण खरीदने या उनमें निवेश करने की योजना बना रहे लोगों को नए नियमों का ध्यान रखना चाहिए।
LPG के दाम: हर महीने की तरह 1 सितंबर 2025 को भी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है। ये बदलाव तेल कंपनियों और ग्लोबल मार्केट के हिसाब से तय होते हैं.। पिछले महीने यानी 1 अगस्त को 19 किलो वाले व्यावसायिक LPG सिलेंडर की कीमत में 33.50 रुपये की कटौती की थी, लेकिन घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की दरें जस की तस रहीं। अगर इस बार दाम बढ़े, तो आपकी रसोई का बजट थोड़ा गड़बड़ा सकता है। इसलिए, पहले से अपने खर्चों की प्लानिंग कर लें। अगर दाम कम हुए, तो ये आपके लिए राहत की खबर होगी।
CNG और PNG के दाम में बदलाव: अक्सर देखा जाता है कि तेल कंपनियां 1 तारीख को CNG और PNG के दाम में बदलाव करती हैं। हालांकि अप्रैल के महीने से इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। आखिरी बार 9 अप्रैल को CNG और PNG के दाम में बदलाव हुआ था। उस समय मुंबई में सीएनजी ₹79.50/किलोग्राम और पीएनजी ₹49/यूनिट हुई थी। यह बढ़ोतरी छह महीने में चौथी बार की गई थी।
SBI क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए बदलाव: 1 सितंबर से SBI कार्ड धारकों पर नए चार्ज लागू होंगे। बिल पेमेंट, फ्यूल खरीद या ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है। ऑटो-डेबिट फेल होने पर 2 फीसदी पेनल्टी लगेगी और इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन पर भी ज्यादा चार्ज लिया जाएगा। रिवॉर्ड पॉइंट्स की वैल्यू भी घट सकती है। इसलिए अपने खर्चों को पहले से मैनेज करें। अगर आप SBI कार्ड यूज करते हैं, तो अपने खर्चों का हिसाब-किताब पहले से रखें, ताकि बेवजह की पेनल्टी से बच सकें।
FD की ब्याज दरें: बैंकों की फिक्स्ड डिपॉजिट पर ब्याज दरों में भी बदलाव हो सकता है। मौजूदा समय में 6.5 फीसदी से 7.5 फीसदी तक ब्याज मिल रहा है, लेकिन आगे दरें कम हो सकती हैं। अगर FD करने का मन है तो जल्दी फैसला लेना फायदेमंद हो सकता है।
ATM से पैसे निकालने के नियम: कुछ बैंकों ने ATM से निकासी पर नए चार्ज लगाने की तैयारी की है। तय सीमा से ज्यादा बार पैसे निकालने पर अतिरिक्त शुल्क लगेगा। बेहतर होगा कि कैश निकालने की बजाय डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा दें।