Ahmedabad Plane Crash: कंपनी ने इस पहल के लिए 500 करोड़ रुपये की विशेष राशि के आवंटन की अनुमति मांगी है।
Tata Sons Set-up Trust: एयर इंडिया विमान हादसे के बाद देश की कॉर्पोरेट दुनिया से एक अहिम खबर सामने आई है। टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी TATA Sons ने 12 जून को एयर इंडिया दुर्घटना के पीड़ितों को आर्थिक सहायता देने के लिए एक ट्रस्ट बनाने के लिए बोर्ड से मंजूरी मांगी है। कंपनी के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने वीरवार को अंतरिम बोर्ड मीटिंग में ट्रस्ट के बारे में बोर्ड को जानकारी दी है।
जानकारी के अनुसार, कंपनी के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने हाल ही में एक अंतरिम बोर्ड बैठक में ट्रस्ट के गठन और उसके उद्देश्यों को लेकर प्रस्तुति दी। कंपनी ने इस पहल के लिए 500 करोड़ रुपये की विशेष राशि के आवंटन की अनुमति मांगी है।
कहां खर्च होंगे 500 करोड़ रुपये-
- इस ट्रस्ट के अंतर्गत 500 करोड़ रुपये की राशि को कई प्रमुख मोर्चों पर उपयोग में लाया जाएगा।
- दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिवारों को मुआवज़ा।
- घायलों और पीड़ितों को दीर्घकालिक चिकित्सा सहायता।
- जिस मेडिकल कॉलेज पर विमान गिरा, उसकी पुनर्बहाली और संरचनात्मक सुधार।
- प्रभावित परिवारों की सामाजिक और मनोवैज्ञानिक आवश्यकताओं को दीर्घकालिक सहायता।
- रिपोर्टों के अनुसार, ट्रस्ट का पंजीकरण शीघ्र होने की संभावना है और इसे एक संस्थागत ढांचे के तहत संचालित किया जाएगा।
बता दें कि अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान 12 जून को क्रैश हो गया था, जिसमें 275 लोगों की जान चली गई थी। इस विमान में 242 लोगों में से 241 लोगों की जान गई थी। इसमें से सिर्फ एक व्यक्ति विश्वास रमेश ही जीवित बचे थे। वहीं मेडिकल कॉलेज पर विमान गिरने से आसपास के लोगों की भी जान गई थी। इस हादसे के बाद एयर इंडिया ने मुआवजे का ऐलान किया था। साथ ही बोइंग 878 की जांच भी शुरू हुई।