अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह, 4 दिन में दर्शन करने वाले भक्तों की गिनती 70 हजार के पार
Amarnath Yatra 2025: पिछले चार दिनों में 70 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा की, जबकि 8,605 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था सोमवार को कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुआ
Amarnath Yatra: अमरनाथ यात्रा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। पिछले चार दिनों में 70 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा की, जबकि 8,605 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था सोमवार को कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुआ। हर रोज श्रद्धालुओं की गिनती बढ़ रही है और आने वाले समय में इसके और बढ़ने के आसार हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, चार दिनों में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 69, 484 पहुंच गई है। पहले दिन 03 जुलाई को 12,348, 4 जुलाई को 14,515 और 05 जुलाई को 21,109 भक्तों ने दर्शन किए थे, 06 जुलाई को 21,512 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। यह यात्रा तीन जुलाई को शुरू हुई थी और 09 अगस्त तक चलेगी।
श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के अधिकारियों ने बताया कि जम्मू में भगवती नगर यात्री निवास में आने वाले यात्रियों के अलावा, कई श्रद्धालु यात्रा में शामिल होने के लिए मौके पर पंजीकरण के लिए सीधे बालटाल और नुनवान (पहलगाम) पहुंच रहे हैं। सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी और स्थानीय पुलिस की मौजूदा ताकत को बढ़ाने के लिए सीएपीएफ की 180 अतिरिक्त कंपनियां लाई गई हैं। पूरे मार्ग को सुरक्षा बलों द्वारा सुरक्षित कर लिया गया है।
दहशतगर्दों को मुंहतोड़ जवाब
इतना जबरदस्त उत्साह उन दहशतगर्दों को मुंहतोड़ जवाब है, जिन्होंने पहलगाम में बेगुनाहों का खून बहाया था। गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम के बायसरन में आतंकियों ने गोलियां बरसाकर 26 लोगों की हत्या कर दी थी। इस वारदात के बाद माहौल ऐसा बना कि लोग कश्मीर जाने से कतरा रहे थे। पर्यटन उद्योग पूरी तरह से ठप पड़ गया था। पर्यटन उद्योग को पटरी पर लाने के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नई दिल्ली में हुई नीति आयोग की बैठक में केंद्र से मदद मांगी थी और गुजारिश की थी कि मंत्रियों, अधिकारियों, संसदीय समितियों को बैठकों के लिए कश्मीर भेजें।
उपराज्यपाल व सीएम ने जताया था भरोसा
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला इस बात से आशा थी कि अमरनाथ यात्रा शुरू होने के बाद से पर्यटन उद्योग को रफ्तार मिलेगी। उनका यह भरोसा सच साबित होता दिख रहा है।