पंचकूला पुलिस ने चलाया तीन घंटे का सर्च ऑपरेशन, पांच संदिग्ध चोर गिरफ्तार, कई वाहन जब्त
पंचकूला/30 नवंबर: आज सुबह जब अधिकांश लोग नींद में थे, तब पंचकूला पुलिस ने जिले में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। सुबह 6 बजे से 9 बजे तक पुलिस की सभी 5 क्राइम यूनिट्स ने अचानक अभियान चलाकर अपराधियों पर शिकंजा कसा। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया कि पंचकूला पुलिस हमेशा सतर्क है और अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने आशियाना सेक्टर-26 और 28 में संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली। वहीं, क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने राजीव कॉलोनी में गली-गली निगरानी रखी। एएनसी टीम ने पिंजौर की बंगला बस्ती और कालका रेलवे स्टेशन पर जांच की, जबकि एवीटी स्टाफ ने आशियाना सेक्टर-20, गांव कुंडी और गांव फतेहपुर में तलाशी अभियान चलाया।
डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज मनदीप सिंह की टीम ने खड़क मंगोली में दबिश देकर मौके पर मौजूद पांच संदिग्ध मोटरसाइकिलें जब्त कीं। क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने दो संदिग्ध चोरों को पकड़ लिया, जबकि सेक्टर-26 की टीम ने तीन संदिग्ध चोरों को हिरासत में लिया। सभी से पूछताछ जारी है।
साथ ही, एवीटी टीम ने एक संदिग्ध एक्टिवा भी बरामद की, जिसकी नंबर प्लेट जाली पाई गई। सभी वाहनों की जांच की जा रही है।