कुरुक्षेत्र में आमने-सामने कार भिड़ंत, महिला की मौत; जन्मदिन से लौटते वक्त हुआ हादसा
Latest News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में लाडवा–अंबाला रोड पर सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईशरहेड़ी गांव के पास दो कारों की आमने-सामने टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान सीमा देवी (40) के रूप में हुई है। वह अंबाला जिले के सौंटा गांव की रहने वाली थीं और गृहिणी थीं। सीमा देवी अपने रिश्तेदारों के साथ लाडवा में भांजे के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर घर लौट रही थीं।
जन्मदिन से लौट रहे थे अंबाला
संदीप कुमार निवासी सौंटा ने पुलिस को बयान में बताया कि वह खेती-बाड़ी का काम करता है। शाम करीब 4:15 बजे वे लोग लाडवा से अंबाला के लिए चले थे। वह कार चला रहा था, जबकि उसकी मामा की बेटी सीमा व मामी धर्मों कार की पिछली सीट और मामा रामकरण उसके साथ बगल की सीट पर बैठे थे।
वह सब लोग लाडवा में पैलेस में अपनी दूसरी बहन के बेटे के हैबिस के जन्मदिन की पार्टी में आए थे। पार्टी के बाद कार में अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में ईशरहेड़ी गांव के जंगल से थोड़ा आगे शाहबाद की तरफ पहुंचे, तो सामने से आ रही कार (RJ40C000/1TC) ने तेज रफ्तार में उनकी कार से टक्कर मार दी।
सिर में लगी गहरी चोट
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सीमा देवी पिछली सीट से उछल कर आगे की तरफ गिर पड़ीं। उस सिर में काफी गंभीर चोट लगी। हादसे में उन तीनों को मामूली चोटें आईं। उनके पीछे दूसरी गाड़ी में आ रहे रिश्तेदार, घायल सीमा देवी को लेकर आदेश अस्पताल (मोहड़ी) में इलाज के लिए ले गए। यहां डॉक्टरों ने सीमा देवी को चेक करने के बाद मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद भागा आरोपी
हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर कार लेकर भाग गया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर थाना बाबैन में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है।