शेयर ट्रेडिंग के नाम पर बुजुर्ग से ₹10.81 लाख की साइबर ठगी मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार
Panchkula cyber fraud case; पंचकूला साइबर पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर ₹10,81,285 की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 7 दिन के पुलिस रिमांड के बाद अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में दो आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
मामले के अनुसार पिंजौर निवासी शिकायतकर्ता को अज्ञात व्यक्तियों ने कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा दिया और फर्जी मार्जिन ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाकर चरणबद्ध तरीके से लाखों रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर उन्हें गुमराह किया गया।
शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम सेक्टर-20 में 29 जनवरी को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि ठगी की राशि गुजरात स्थित बैंक खातों में ट्रांसफर हुई थी। तकनीकी जांच के आधार पर दो आरोपियों पटेल नीरव कुमार व पटेल कृति कुमार को पहले ही गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
आगे की कार्रवाई में साइबर पुलिस टीम ने एएसआई बृजेश के नेतृत्व में तीसरे आरोपी पटेल मोहनीश पुत्र रमेश भाई पटेल वासी कमालपुर , वडनगर (गुजरात) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने ठगी की पूरी रकम को रिकवर कर लिया है तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है।
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निवेश के नाम पर आने वाली अनजान कॉल या लिंक पर भरोसा न करें और किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।