दिल्ली पुलिस vs हिमाचल पुलिस: तीन युवा कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी पर टकराव
दिल्ली पुलिस ने बुधवार सुबह हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से तीन युवा कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया। पुलिस उन्हें अपने साथ दिल्ली ले जा रही थी, लेकिन कंडाघाट के पास हिमाचल पुलिस ने दिल्ली पुलिस की गाड़ियों को रोक लिया और तीनों युवकों को अपनी हिरासत में ले लिया। इस घटनाक्रम के बाद हिमाचल और दिल्ली पुलिस आमने-सामने आ गईं।
हिमाचल पुलिस का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने राज्य पुलिस को गिरफ्तारी की कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी। ऐसे में प्रदेश पुलिस ने इस कार्रवाई को अवैध करार दिया है। हालांकि, इस पूरे मामले में हिमाचल पुलिस के अधिकारी खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
AI समिट 2026 के प्रदर्शन से जुड़ा मामला
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली में आयोजित AI Summit 2026 के दौरान कथित तौर पर टी-शर्ट उतारकर किए गए प्रदर्शन से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए तीनों युवक हिमाचल के निवासी नहीं हैं, बल्कि दूसरे राज्यों से संबंध रखते हैं। आरोप है कि वे प्रदर्शन में शामिल थे और बाद में शिमला के रोहड़ू क्षेत्र में आकर ठहरे हुए थे।
सूत्रों का यह भी कहना है कि दिल्ली पुलिस की हिरासत से छुड़ाए जाने के बाद हिमाचल पुलिस तीनों युवकों को शिमला के चक्कर कोर्ट में पेश करने ले गई। इस दौरान दिल्ली पुलिस के एक दर्जन से अधिक जवान भी चक्कर कोर्ट परिसर पहुंचे। इससे पहले दिल्ली पुलिस तीन गाड़ियों में रोहड़ू पहुंची थी।
जानकारी के मुताबिक, AI समिट के दौरान प्रदर्शन में शामिल ये युवा कांग्रेस कार्यकर्ता रोहड़ू के मेंदली स्थित एक रेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस रेस्ट हाउस का रजिस्टर भी अपने साथ ले गई है और यह जांच की जा रही है कि कमरा किसके नाम से बुक कराया गया था।
फिलहाल, पूरे मामले को लेकर दोनों राज्यों की पुलिस के बीच कानूनी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है और आने वाले समय में इस पर और बयानबाज़ी संभव है।