20 दिन के भीतर करें पुनर्मूल्यांकन के लिए करे आवेदन : बोर्ड चेयरमैन डा. पवन कुमार
भिवानी, 14 मई : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने वीरवार को 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। इसके साथ ही शिक्षा बोर्ड ने 10वीं के ओपन स्कूल एवं डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (डी.एल.एड.) परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डा. पवन कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस वर्ष 10वीं कक्षा का परीक्षा का कुल परिणाम 89.60 प्रतिशत रहा। इस परीक्षा में गांव मिराण के आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा दीपिका ने 500 में 499 अंक लेकर प्रथम, चरखी दादरी के गांव बिगोवा के बीएसएम सीनियर सैकेंडरी स्कूल की छात्रा रौनक ने 498 अंक लेकर द्वितीय, हिसार के पुठ्ठी समैन के एनसीवीएम हाई स्कूल की छात्रा खुशी ने 498 अंक लेकर द्वितीय, हिसार के खेरी जलब के स्वामी विवेकानंद सीनियर सैकेंडरी स्कूल की छात्रा अंतू ने 498 अंक लेकर द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसी प्रकार सोनीपत के सहारपुर तुर्क के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिमक विद्यालय के छात्र काव्यां ने 497 अंक लेकर तृतीय तथा हिसार के मंगाली टैगौरर सीनियर सैकेंडरी स्कूल की छात्रा दीक्षा ने 497 अंक हासिल कर तृतीय स्थान हासिल किया।
शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डा. पवन कुमार ने बताया कि 10वीं की परीक्षा में कुल 2 लाख 76 हजार 640 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे, जिनमें से 2 लाख 47 हजार 860 उत्तीर्ण हुए। इनमें 6 हजार 201 परीक्षार्थियों का परिणाम एसेंशियल रिपीट (ईआर) रहा है, जिन्हें पुन: परीक्षा देनी होगी। उन्होंने बताया कि इस परिणाम में छात्राओं की पास प्रतिशत 91.64 प्रतिशत रही, जबकि छात्रों की पास प्रतिशत 87.69 प्रतिशत रही।
उन्होंने बताया कि छात्राओं ने छात्रों की तुलना में 3.95 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया है। वही ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने बाजी मारते हुए 90.25 प्रतिशत परिणाम हासिल किया, जबकि शहरी क्षेत्रों का परिणाम 87.94 प्रतिशत रहा। चेयरमैन ने बताया कि प्राइवेट स्कूलों की पास प्रतिशत 92.45 प्रतिशत रही, वहीं राजकीय विद्यालयों का परिणाम 87.23 प्रतिशत दर्ज किया गया।
चेयरमैन डा. पवन कुमार ने बताया कि पास प्रतिशत के मामले में जिला चरखी दादरी पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा।
जींद ने दूसरा और महेंद्रगढ़ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि नूँह (मेवात) जिला पायदान पर सबसे नीचे रहा। वही 10वीं की ओपन परीक्षा का परिणाम 11.17 प्रतिशत रहा। वही 10वीं ओपन का रि-अपीयर का परिणाम 47.64 फीसदी रहा।चेयरमैन डा. पवन कुमार ने डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (डी.एल.एड ) की परीक्षा के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि इस परीक्षा में कुल 5315 छात्र-अध्यापक शामिल हुए थे।
जिसमें प्रवेश वर्ष 2023-25 के प्रथम वर्ष रि-अपीयर का परिणाम 62.50 प्रतिशत और द्वितीय वर्ष का 81.76 प्रतिशत रहा। वही प्रवेश वर्ष 2024-26 प्रथम वर्ष की रि-अपीयर का परिणाम 65.13 प्रतिशत दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी अपना परिणाम हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट बीएसईएच डॉट ओआरजी डॉट इनपर देख सकते हैं। जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन के भीतर पुन: जांच या पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।