करनाल ITI चौक के पास भीषण सड़क हादसा, तीन वाहनों की टक्कर, 2 गंभीर घायल
Karnal Road Accident; करनाल के आईटीआई चौक स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नेशनल हाईवे से करनाल शहर की ओर जाने वाले कट पर एक के बाद एक तीन वाहन आपस में टकरा गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, फॉर्च्यूनर गाड़ी ने कट पर ब्रेक लगाए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट कार नियंत्रण खो बैठी और फॉर्च्यूनर से जा टकराई। इसके तुरंत बाद पीछे चल रही एक मोटरसाइकिल भी टक्कर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत पर डॉक्टर निगरानी बनाए हुए हैं। पुलिस का बयान करनाल सेक्टर-9 चौकी से पुलिस जांच कर्मी अरविंद कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फॉर्च्यूनर के अचानक ब्रेक लगाने के बाद पीछे से आ रही स्विफ्ट और बाइक आपस में टकरा गईं। दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शी की जुबानी
हादसे के चश्मदीद कार चालक पवन ने बताया कि वह अपनी कार से चंडीगढ़ से दिल्ली की ओर जा रहे थे। उनके आगे दो बाइक सवार चल रहे थे। तभी पीछे से तेज गति में आ रही स्विफ्ट कार ने पहले मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और फिर फॉर्च्यूनर से जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, स्विफ्ट चालक की हालत देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह नशे में था, जिस कारण यह गंभीर हादसा हुआ।