मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत विशेष ट्रेन 26 मार्च को होगी रवाना
पंचकूला, 20 मार्च : हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत पात्र वृद्धजन लाभार्थियों को निशुल्क तीर्थ स्थानो पर यात्रा करवाई जाती है। इसी कड़ी में हरियाणा सरकार द्वारा पात्र वृद्धजनों को अयोध्या स्थित राम मंदिर के दर्शन करवाने के लिए 26 मार्च को विशेष ट्रेन चलाई जा रही है।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विनय वत्स ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत यात्रा करने के इच्छुक वृद्धजन 22 मार्च तक www.saralharyana.nic.in पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। इस योजना के लिए पात्र लाभार्थी की आयु 60 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। वह हरियाणा का स्थाई निवासी होना चाहिए। इसके अलावा उसकी वार्षिक आय एक लाख 80 हजार से कम होनी चाहिए।
इस योजना के तहत पहली विशेष ट्रेन यात्रा चंडीगढ़–दिल्ली ट्रैक पर पड़ने वाले जिलों के लाभार्थियों के लिए निर्धारित की गई है। इनमें पंचकूला ज़िला भी शामिल है। यह विशेष ट्रेन 26 मार्च को दोपहर 03:00 बजे अंबाला रेलवे स्टेशन से रवाना होगी, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा।
यात्रा करने वाले सभी लाभार्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, दो फ़ोटो लेकर आना अनिवार्य है। लाभार्थियों को अपने निकटतम रेलवे स्टेशन पर स्वयं पहुंचना होगा। जिन लोगों का सरल पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होगा उन्हें स्टेशन पर डीआईपीआरओ कार्यालय द्वारा आईडी कार्ड जारी किए जाएंगे, जिनके आधार पर ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी।