तेज रफ्तार कार ने बाइक को रौंदा, पति-पत्नी और दो मासूम बच्चियां गंभीर घायल
Haryana News: पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र में रफ्तार का कहर देखने को मिला। दौलतपुर तिराहे पर देर रात तेज रफ्तार कार ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पत्नी-बच्चों संग जा रहे थे युवक
हादसा बीती रात करीब 10 बजे हुआ। बरखेड़ा कस्बे के वार्ड नंबर-05 निवासी जमील अहमद (35) अपनी पत्नी मैनाज बी (32) और दो बेटियों सैय्यदा (6) व सबीया (1.2) के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। जैसे ही वे दौलतपुर तिराहे के पास पहुंचे, पीलीभीत की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
चारों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में जमील, उनकी पत्नी और दोनों मासूम बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बरखेड़ा पहुंचाया गया। वहां से हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कार चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही बरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि दौलतपुर तिराहे पर कार और बाइक की भिड़ंत हुई है। घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।