क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम की कार्यवाही, चोरी की 4 बैटरियां व एक्टिवा बरामद
पंचकूला/26 अप्रैल :- पंचकूला पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के दिशा-निर्देशन में क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने ट्राइसिटी क्षेत्र में कारों से बैटरियां चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को अवैध देशी कट्टा सहित काबू किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू गोयल (43 वर्ष) निवासी गोविंद विहार, बलटाना जिला मोहाली (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी चोरी की वारदातों को अंजाम देने तथा क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने इंचार्ज एसआई मुकेश सैनी के नेतृत्व में सेक्टर-14 क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को काबू किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी की एक्टिवा स्कूटी से चोरी की 4 बैटरियां बरामद की गईं। आरोपी बैटरियों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरत पूरी करने के लिए ट्राइसिटी क्षेत्र में खड़ी कारों से बैटरियां चोरी करता था। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-14 पंचकूला में आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दौराने पूछताछ आरोपी ने कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं तथा चोरी और अवैध हथियार से जुड़े स्थानों की निशानदेही भी करवाई है। आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड व वारदातों की भी जांच की जा रही है।
आज आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंचकूला पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और ट्राइसिटी क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।