मुंबई से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में आई खराबी, एयरपोर्ट पर यात्री परेशान, जानें वजह
Air India Flight Delayed: मुंबई में एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI129, जो सुबह 6:30 बजे मुंबई से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली थी, देरी से चल रही है और अभी तक उड़ान नहीं भर पाई है। तकनीकी खराबी के कारण, यह उड़ान अब दोपहर 1 बजे उड़ान भरेगी।
Air India’s Mumbai-London Flight Delayed: महाराष्ट्र के मुंबई से लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI129 की उड़ान में देरी हो गई है। आज सुबह साढ़े 6 बजे टेक ऑफ होने वाली फ्लाइट अब तक मुंबई एयरपोर्ट पर ही है। एयर इंडिया की उसी फ्लाइट में यात्रा करने जा रही एक पैसेंजर ने बताया कि पहले उन्हें कहा गया कि बोर्डिंग टाइम आधा घंटा देरी से होगा, जिसके बाद 5 बजकर 20 मिनट की जगह उन्हें फ्लाइट में 6 बजे बोर्ड कराया गया। सभी यात्री फ्लाइट में करीबन एक से डेढ़ घंटे तक बैठे रहे और फिर अनाउंसमेंट हुआ कि कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते उन्हें फ्लाइट से उतरना होगा। फिर करीबन 8 बजकर 15 मिनट पर उन्हें फ्लाइट से नीचे उतारा गया उनके हैंड बैग की दोबारा से जांच की गई।
मुंबई से कब टेकऑफ करेगी फ्लाइट?
हालांकि, बाद में उन्हें बताया गया कि 12 बजे उनकी फ्लाइट टेकऑफ करेगी। खबर है कि सुबह की फ्लाइट पकड़ने के लिए कई यात्री रात में सो नहीं पाए थे अब फ्लाइट में देरी की चलते यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एयर इंडिया के ऑफिशियल का कहना है कि तकनीकी दिक्कतों के चलते अब फ्लाइट दोपहर 1 बजे टेकऑफ करेगी। यात्रियों को रिफ्रेशमेंट दिया गया है।
AMSS की समस्या से जुड़ा नहीं है मामला
एयर इंडिया तरफ से मिली औपचारिक जानकारी के मुताबिक, यह मामला AMSS की समस्या से जुड़ा नहीं है, बल्कि एयरक्राफ्ट में तकनीकी समस्या की वजह से देरी हुई।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने क्या कहा?
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि क्रू मेंडेटरी फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) प्रोटोकॉल के तहत आ गया है, जिसके कारण उन्हें तुरंत विमान उड़ाने की अनुमति नहीं है। इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। मुंबई में हमारी ग्राउंड टीम यात्रियों को तत्काल सहायता दे रही है, जिसमें भोजन देना भी शामिल है।
उन्होंने आगे कहा कि यात्रियों को जल्द से जल्द उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही हैं। एयर इंडिया में यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।