Amarnath Yatra: जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन की खबरें आई हैं। बालटाल मार्ग पर भूस्खलन के कारण 10 तीर्थयात्री घायल हो गए. भूस्खलन के कारण एक महिला की मृत्यु की भी खबर है।
Amarnath Yatra Landslide: मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा प्रभावित हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम सही होने तक सभी स्टेशनों से यात्रा रोक दी गई। मौसम विभाग जारी रेड अलर्ट किया है।
बता दें कि बुधवार शाम को अमरनाथ यात्रा मार्ग पर भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। यह घटना मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में बालटाल रूट पर रेलपथरी इलाके में हुई। मृतक महिला की पहचान राजस्थान की 55 वर्षीय सोना बाई के रूप में हुई है। घायलों का इलाज बालटाल के बेस कैंप अस्पताल में किया गया है और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
17 जुलाई के लिए स्थगित
मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा को 17 जुलाई के लिए स्थगित कर दिया है। जम्मू के भगवती नगर, बालटाल और पहलगाम बेस कैंप से नए तीर्थयात्रियों को आगे बढ़ने की इजाजत नहीं दी गई है। हालांकि जो तीर्थयात्री पहले से गुफा मंदिर में मौजूद हैं। उन्हें दोनों मार्गों से नीचे लौटने की अनुमति है। लेकिन लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए सुरक्षा कारणों से यात्रा को आज के लिए रोकने का फैसला लिया गया। जम्मू श्रीनगर नेशनल हाईवे NH 44 पर भी भूस्खलन से यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि इसे बाद में साफ कर दिया गया।
मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
IMD ने अगले 24 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कहा कि कश्मीर में आधी रात से अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मानसूनी हवाओं के साथ मिलकर पूरे क्षेत्र में बारिश कर सकता है। इस दौरान दक्षिण कश्मीर में सबसे ज्यादा बारिश होने की उम्मीद है। मध्य और उत्तरी कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
तीर्थयात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (jksasb.nic.in) की आधिकारिक सलाह का पालन करें। साथ ही सहायता के लिए पहलगाम और बालटाल स्थित संयुक्त पुलिस नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं।
अब तक 2.47 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन
अब तक श्री अमरनाथजी यात्रा 2025 के दौरान 2.47 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। यह 38 दिवसीय यात्रा 9 अगस्त को संपन्न होगी।