22 करोड़ रुपये के कथित गबन में एक और गिरफ्तारी, विजिलेंस जांच तेज
State Vigilance Bureau action; राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा ने ग्राम पंचायत मुजेडी, ब्लॉक तिगांव, जिला फरीदाबाद में वर्ष 2020-21 के दौरान हुए लगभग 22 करोड़ रुपये के कथित गबन के मामले में आज दिनांक 16.02.2026 को फरार आरोपी सागर, मालिक फर्म दा डिज़ाइन कोड, पुत्र देशराज, निवासी गांव नवादा, ब्लॉक तिगांव, थाना सदर बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद को पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार गिरफ्तार किया है।
यह मामला अभियोग संख्या 355 दिनांक 16.10.2022, थाना सदर बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद में दर्ज है, जो वर्तमान में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में अनुसंधानाधीन है। उक्त प्रकरण में भारतीय दंड संहिता की धाराएं 120-बी, 201, 406, 409, 420, 467, 468, 471 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 7ए, 13(1)(बी) सहपठित 13(2) के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।
जांच में आरोप है कि दिनांक 09.10.2020 को नियुक्त कार्यवाहक सरपंच ब्रह्मपाल ने ग्राम सचिव जोगेंद्र, बीडीपीओ पूजा शर्मा तथा विभिन्न फर्म मालिकों के साथ कथित मिलीभगत कर बिना प्रशासनिक अनुमति के फर्जी विकास कार्य दर्शाकर लगभग 22 करोड़ रुपये की अदायगी करवाई। इनमें से लगभग 17 करोड़ 14 लाख रुपये की राशि विभिन्न फर्मों — दा डिज़ाइन कोड, एस.के. एंटरप्राइजेज, सतगुरु एंटरप्राइजेज, साईं ट्रेडिंग कंपनी, फरहान एंटरप्राइजेज, राघव बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर एंड कॉन्ट्रैक्टर, साकिर बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर एंड कॉन्ट्रैक्टर, हीरालाल, रसिक बिहारी प्रा. लि., मैसर्ज श्यामजी एसोसिएट्स आदि — को भुगतान की गई। अब तक की जांच में पाया गया है कि कुल 22 करोड़ रुपये की गबन राशि में से आरोपी सागर की फर्म मैसर्ज दा डिज़ाइन कोड के खाते में 1,94,79,968/- रुपये की अनियमित अदायगी पाई गई है।
मामले की जांच के दौरान दिनांक 09.09.2025 को पूजा शर्मा एवं हीरालाल तथा दिनांक 27.12.2025 को तनुजा शर्मा, नन्द किशोर और मनोज कुमार को गिरफ्तार किया जा चुका है। वर्तमान में पूजा शर्मा एवं श्रीमती तनुजा शर्मा माननीय उच्च न्यायालय, हरियाणा एवं चंडीगढ़ से जमानत पर हैं, जबकि अन्य तीन आरोपी जिला जेल नीमका, फरीदाबाद में निरुद्ध हैं। प्रकरण में नामजद आरोपी ललित मोहन शर्मा को माननीय न्यायालय से अग्रिम जमानत प्राप्त है। अभियोग में श्रीमती पूजा शर्मा, हीरालाल एवं ललित मोहन शर्मा के विरुद्ध दिनांक 24.11.2025 को माननीय न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जा चुका है।
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा मामले की गहन जांच जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।