Attack on Delhi CM: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को साप्ताहिक जन सुनवाई के दौरान हमले की कोशिश की गई है। यह घटना मुख्यमंत्री आवास पर जन सुनवाई के दौरान की गई।
CM Rekha Gupta: राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान एक 30 साल के शख्स ने हमला कर दिया। मुख्यमंत्री आवास के अधिकारियों के मुताबिक, जिस समय सीएम जन सुनवाई कर रही थी। उसी समय एक शख्स अपनी शिकायत लेकर वहां पहुंचा। इस दौरान उसने मुख्यमंत्री को थप्पड़ मार दिया। शख्स को हिरासत में ले लिया गया है।
दिल्ली बीजेपी ने कहा, “सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई के दौरान एक हादसा हुआ। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की सीएम रेखा गुप्ता पर हुए हमले को लेकर प्रतिक्रिया सामने आई है। वीरेंद्र सचदेवा ने सीएम पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है और कहा है कि पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। जल्दी ही इस घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि सीएम आवास पर जनसुनवाई के दौरान सीएम रेखा गुप्ता पर हमले के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। उसे सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन ले जाया गया है।
इसी के साथ दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और मुझे लगता है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। लेकिन यह घटना महिला सुरक्षा की भी पोल खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं, तो एक आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है?