ब्यूटीशियन निकली Mastermind, पति संग मिलकर ठेकेदार से 50 लाख की उगाही का आरोप
Haryana Honeytrap: हरियाणा में सामने आए हनीट्रैप मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। इस पूरे रैकेट की मास्टरमाइंड 28 वर्षीय ब्यूटीशियन बताई जा रही है, जो पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में ब्यूटी पार्लर चलाती है। करीब छह महीने पहले उसने सरहिंद के एक सैलून संचालक से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद ऐशो-आराम की जिंदगी जीने की चाह में उसने हनीट्रैप का जाल बिछाना शुरू कर दिया।
पहला शिकार कैथल का 45 वर्षीय सड़क निर्माण का ठेका लेने वाला ठेकेदार बना, जिसे यह ब्यूटिशियन शादी से पहले ही जानती थी। युवती ने ठेकेदार को मोरनी हिल्स के एक होटल में रात बिताने के लिए बुलाया। इस बीच हैंडबैग में हिडन कैमरा फिट कर लिया।
इसी कैमरे से बिस्तर में न्यूड वीडियो कैप्चर की। हालांकि ठेकेदार ने शक होने पर पर्स चेक किया और कैमरा तोड़ भी दिया, लेकिन तब तक घर में बैठा पति वीडियो रिकॉर्ड कर चुका था। ठेकेदार को ब्लैकमेल करके 50 लाख रुपए की डिमांड की। पंचकूला की चंडीमंदिर पुलिस ने पति-पत्नी और उनके एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया।
पति-पत्नी कर रहे थे ब्लैकमेल : SHO
पंचकूला के चंडीमंदिर थाना SHO रामपाल सिंह ने बताया कि ब्यूटीपार्लर संचालिका सना और उसका पति दिलप्रीत सिंह दोनों मिलकर एक ठेकेदार को ब्लैकमेल कर रहे थे। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन बरामद किया है, जिससे वीडियो क्लिप पीड़ित को भेजी गई थी। इनके एक साथी मनमोहन सिंह को भी अरेस्ट किया गया है। महिला व उसके पति को 2 दिन तक पुलिस रिमांड में भी रखा गया।