भिवानी के कोर्ट को अज्ञात ईमेल के माध्यम से मिली कोर्ट को उड़ाने की धमकी
भिवानी, 22 जनवरी : भिवानी के जिला न्यायालय परिसर में गुरुवार सुबह उस समय हडक़ंप मच गया, जब एक अज्ञात ईमेल के जरिए कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस सूचना के बाद पूरे परिसर में सनसनी फैल गई और सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और पूरे परिसर को सर्च अभियान के तहत खंगाला गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11 बजे भिवानी के एक न्यायिक अधिकारी के पास एक अज्ञात ईमेल प्राप्त हुआ। इस मेल में स्पष्ट रूप से लिखा था कि कोर्ट परिसर में बम रखा गया है और उसे उड़ा दिया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया। जैसे ही बम की सूचना न्यायिक अधिकारियों तक पहुंची, तुरंत इसकी जानकारी बार एसोसिएशन को दी गई। बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप तंवर ने बिना देरी किए अधिवक्ताओं की एक आपातकालीन बैठक बुलाई तथा वकीलों को स्थिति से अवगत कराया। इस दौरान सभी से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई।
वही दूसरी तरफ धमकी की खबर फैलते ही कोर्ट का कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा और परिसर में सन्नाटा पसर गया। धमकी मिलने के बाद जिला मुख्यालय के पुलिस उपाधीक्षक और न्यायिक अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला। इस दौरान पुलिस की विभिन्न टीमों ने कोर्ट के हर कमरे, कैंटीन, पार्किंग और वेटिंग एरिया की बारीकी से जांच की। कोर्ट परिसर के प्रवेश द्वारों पर पुलिस का पहरा सख्त कर दिया गया और हर आने-जाने वाले व्यक्ति की सघन तलाशी ली जाने लगी।
भिवानी कोर्ट में अपने कार्य के लिए पहुंचे नागरिक मदन ने बताया कि वह किसी कार्य के लिए कोर्ट आए थे, लेकिन यहां पर पुलिस का चैकिंग अभियान जारी था तथा किसी से पूछने पर पता लगा कि किसी अज्ञात ई-मेल के माध्यम से भिवानी कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई है। वही पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस प्रशासन फिलहाल ईमेल के सोर्स का पता लगाने में जुटा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह किसी की शरारत है या कोई गंभीर साजिश।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। हालांकि अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन पुलिस किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लेना चाहती। पुलिस ने आम जनता और वकीलों से धैर्य बनाए रखने और किसी भी लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।