ट्रैवल इंफ्लुएंसर अनुनय सूद का निधन, फोर्ब्स इंडिया की टॉप 100 डिजिटल स्टार्स लिस्ट में बनाई थी जगह
Anunay Sood Death: दुबई के प्रसिद्ध ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और फोर्ब्स की टॉप100 लिस्ट में शामिल स्टार अनुनय सूद का 32 साल की उम्र में निधन हो गया है। अमेरिका के लास वेगास में आखिरी पोस्ट शेयर करने वाले अनुनय की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
Travel Influencer Anunay Sood Death: दुबई के जाने-माने ट्रेवल इन्फ्लुएंसर और फोटोग्राफर अनुनय सूद का निधन हो गया है। उन्होंने 32 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। अनुनय के निधन की जानकारी उनके परिवार ने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट करके दी। हालांकि, मौत की वजह अभी सामने नहीं आई है। अब यह खबर सुनकर उन्हें चाहने वाले हैरान रह गए हैं।
बता दें कि सिर्फ इंस्टाग्राम पर ही उनके 14 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। निधन के समय अनुनय सूद अमेरिका के लास वेगास में थे और वहीं से उन्होंने आखिरी पोस्ट भी किया था। वह फोर्ब्स की टॉप 100 डिजिटल स्टार्स लिस्ट में भी तीन साल फीचर हुए। अब परिवार ने पोस्ट करते हुए सभी से प्राइवेसी की अपील की है।
परिवार ने इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट
अनुनय के परिवार ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए बताया कि वे इस समय निजी शोक में हैं और सभी से उनकी प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की है। इस खबर के बाद उनके फॉलोअर्स और डिजिटल क्रिएटर्स ने कमेंट सेक्शन में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कई फैंस ने लिखा कि अनुनय ने उन्हें जिंदगी को खुलकर जीने की प्रेरणा दी थी।
ट्रैवल की दुनिया में लाखों युवाओं के रोल मॉडल थे Anunay Sood
दुबई में बसे अनुनय सूद सिर्फ़ एक घुमक्कड़ नहीं थे, बल्कि लाखों युवाओं के दिलों में सफर का जज्बा भरने वाले एक रोल मॉडल थे। सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम पर 14 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स और यूट्यूब पर लगभग 4 लाख सब्सक्राइबर्स थे। अनुनय सूद ने हर किसी को अपनी यात्रा पर निकलने के लिए प्रेरित किया। चाहे वह स्विट्जरलैंड के बर्फीले पहाड़ हों, आइसलैंड की शांत झीलें हों, या फिर टोक्यो की गलियां हो।
सोशल मीडिया की क्रिएटिव दुनिया में बनाई पहचान
अनुनय सूड फोर्ब्स इंडिया की टॉप 100 डिजिटल स्टार्स लिस्ट में शामिल रहे। फोर्ब्स ने उन्हें दुबई बेस्ड फोटोग्राफर जो दुनिया को अपने कैमरे से देखता है कहकर सम्मानित किया था।