इंडोनेशिया में फिर कांपी घरती, समुद्र में आया 6.2 तीव्रता का भूकंप, सहमे लोग
Earthquake: इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप पर बुधवार को 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप से सुनामी का कोई खतरा नहीं है और भूकंप से किसी प्रकार के नुकसान या चोट की तत्काल कोई खबर नहीं है।
Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। बुधवार तड़के देश के सुलावेसी द्वीप में 6.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। देश की मौसम विज्ञान, जलवायु और भूभौतिकी एजेंसी (BMKG) ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया है। भूकंप से किसी तरह के नुकसान या हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है।
पिछले हफ्ते ही इंडोनेशिया के मालुकु द्वीप समूह के पास बांदा सागर में लगभग 137 किलोमीटर की गहराई पर 6.6 तीव्रता का भूकंप आया था। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, उस समय भी इंडोनेशिया के मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने सुनामी के किसी खतरे की पुष्टि नहीं की थी।
रिंग ऑफ फायर
इंडोनेशिया भूकंपीय रूप से एक्टिव प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ पर स्थित है, इसलिए इस देश में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। यह देश कई प्रमुख टेक्टोनिक प्लेटों के संगम पर स्थित है, जो इसे दुनिया के सबसे भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्रों में से एक बनाता है।
सुनामी का खतरा
इंडोनेशिया का अधिकांश हिस्सा द्वीपों से बना है और इसके चारों ओर समुद्र है। जब समुद्र की गहराई में भूकंप आता है तो वह सुनामी का रूप ले लेता है। 2004 की हिंद महासागर सुनामी इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जिसमें इंडोनेशिया के आचेह प्रांत में लाखों लोग मारे गए थे।
ज्वालामुखियों का देश है इंडोनेशिया
इंडोनेशिया को ज्वालामुखियों का देश भी कहा जाता है। यहां लगभग 130 सक्रिय ज्वालामुखी हैं। जब ज्वालामुखीय गतिविधि होती है तो उसके साथ भूकंप भी आते हैं। ज्वालामुखी फटने से भूमि के नीचे दबाव बदलता है और धरती कांप उठती है। इंडोनेशिया में हर साल हजारों छोटे-बड़े भूकंप दर्ज किए जाते हैं। इनमें से कई इतने हल्के होते हैं कि लोगों को महसूस भी नहीं होते, लेकिन कई बार यह 7 या उससे अधिक तीव्रता तक पहुंच जाते हैं।