बोइंग 757 में हवा में लगी आग, अटकी लोगों की सांस, पायलट की सूझ-बूझ से ऐसे टला बड़ा हादसा, देखिए वीडियो
Condor Boeing 757 Engine Fire: ग्रीस के कोर्फू से जर्मनी के डसेलडोर्फ जा रहे एक बोइंग 757-300 विमान के इंजन में उड़ान के दौरान आग लग गई। उड़ान के तुरंत बाद दाहिने इंजन में धमाके होने लगे और आग की लपटें दिखीं।
Germany Boeing 757 Engine Fire: शनिवार रात जर्मन बजट एयरलाइन कॉनडोर का एक विमान बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गया। यह विमान ग्रीस के कोर्फू से जर्मनी के डसेलडॉर्फ जा रहा था, जिसमें 273 यात्री और 8 क्रू सदस्य सवार थे। लेकिन बोइंग 757-300 के उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान के राइट साइड वाले इंजन में आग लग गई। स्थिति गंभीर होने पर पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग की योजना बनाई और विमान को करीब एक घंटे बाद इटली के ब्रिंडिसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
विमान का एक डरावना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खासकर 18 सेकंड की एक क्लिप में देखा जा सकता है कि विमान के राइट साइड से चिंगारियां निकल रही हैं, जो बिल्कुल ऐसे लग रही थीं जैसे कोई लाइटर बार-बार जलाने की कोशिश कर रहा हो। यह खतरनाक नजारा करीब 15 सेकंड तक चलता रहा।
ब्रिंडिसी (इटली) में सुरक्षित लैंडिंग
इस विमान में 273 यात्री और 8 चालक दल के सदस्य सवार थे। D-ABOK पंजीकरण वाला कोंडोर बोइंग 757-300 कोर्फू के रनवे 34 से उड़ान भर चुका था। उड़ान के बाद दाहिने इंजन (RB211) में कई धमाके हुए और आग की लपटें निकलने लगीं। 1500 फीट की ऊंचाई पर इंजन में खराबी में आई लेकिन एक ही इंजन के दम पर पायलट विमान को 8 हजार फीट की ऊंचाई पर ले गया। वापस लौटने की जगह वह विमान को इटली ले गया।
पायलट ने इंजन बंद कर दिया और फिर इटली की तरफ लौट गया। उड़ान भरने के लगभग 30 मिनट बाद विमान आखिरकार ब्रिंडिसी (इटली) में सुरक्षित लैंड कर गया। इसके बाद एक अन्य बोइंग 757-300 विमान से यात्रियों को रवाना किया गया, जिससे फ्लाइट 15.5 घंटे की देरी से डसेलडोर्फ पहुंची।
कोंडोर ने मुसाफिरों से माफी मांगी
वहीं, कोंडोर ने मुसाफिरों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी, जिन्हें शहर में होटलों की कमी की वजह से हवाई अड्डे पर रात बितानी पड़ी। उन्हें अगले दिन डसेलडोर्फ के लिए रवाना किया गया। बोइंग 757 दुनिया के सबसे पुराने यात्री विमान मॉडलों में से एक है। इस विमान को ‘अटारी फेरारी’ उपनाम दिया गया है। और यह अब एक्टिव सर्विस के अपने पांचवें दशक में है।