हरियाणा सतर्कता ब्यूरो की कार्रवाई: दो पुलिसकर्मियों के विरुद्ध चालान न्यायालय में पेश
Action by the Haryana Vigilance Bureau; राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अम्बाला ने भ्रष्टाचार के एक महत्वपूर्ण मामले में उप निरीक्षक विजय कुमार (65/सी.पी.) और सहायक उप निरीक्षक अंग्रेज़ सिंह (274/अम्बाला) के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए चालान माननीय न्यायालय, अम्बाला में प्रस्तुत कर दिया है।
शिकायत में उल्लेख किया गया था कि दिसंबर 2023 में दो पक्षों के बीच कहासुनी से शुरू हुआ विवाद अचानक बढ़ गया था, जिसके दौरान एक पक्ष के व्यक्ति को चोटें आ गईं। घायल होने की वजह से मामला थाना बलदेव नगर में दर्ज किया गया। इसके बाद संबंधित व्यक्ति ने अदालत से अग्रिम जमानत प्राप्त की और आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के लिए पुलिस चौकी बलदेव नगर पहुँचा, जहाँ उप निरीक्षक विजय कुमार ने दस्तावेज़ संबंधी कार्य पूरा किया और आवश्यकता पड़ने पर बुलाए जाने की बात कही।
शिकायत के अनुसार 11 मई 2024 को चौकी इंचार्ज विजय कुमार ने फोन कर बताया कि केस फाइल कोर्ट में जमा करवाने के लिए खर्चा आएगा और इस बारे में सहायक उप निरीक्षक अंग्रेज़ सिंह से बात करने को कहा। इसके बाद अंग्रेज़ सिंह ने कथित रूप से 16,000 रुपये एवं एक पुराना ए.सी. की मांग की। आरोप यह भी था कि 8,000 रुपये पहले ही ले लिए गए थे और पुराना ए.सी. पुलिस चौकी में लगवा लिया गया, जबकि शेष राशि की मांग लगातार जारी थी।
जांच के उपरांत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पंचकूला की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 मई 2024 को सहायक उप निरीक्षक अंग्रेज़ सिंह को पुलिस चौकी बलदेव नगर से गिरफ्तार किया और शिकायतकर्ता द्वारा भेजा गया ए.सी. बरामद किया। संदेह होने के कारण आरोपी शेष राशि लेने में असफल रहे। इसके बाद उप निरीक्षक विजय कुमार को भी उच्च न्यायालय के आदेशानुसार शामिल जांच किया गया। दोनों आरोपी फिलहाल जमानत पर हैं।