अमेरिका के लिए इंडिया पोस्ट ने बंद की सभी डाक सेवाएं, सरकार ने बताई ये वजह
India and America: भारतीय डाक विभाग की ओर से यह कदम दरअसल, अमेरिका के ट्रंप प्रशासन की ओर से 30 जुलाई 2025 को जारी एक आदेश के बाद उठाया गया है, जिसमें 800 डॉलर तक के आयातित सामानों पर टैरिफ छूट वापस ले ली गई।
India Postal Services for America: अमेरिका के नए कस्टम नियमों की अस्पष्टता के कारण इंडिया पोस्ट ने अमेरिका जाने वाली सभी डाक सेवाओं की बुकिंग अस्थायी रूप से बंद कर दी है। डाक विभाग ने रविवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि अब न तो पत्र, न दस्तावेज और न ही गिफ्ट आइटम अमेरिका भेजे जा सकेंगे।
इससे पहले, इंडिया पोस्ट ने केवल 100 अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य के गिफ्ट आइटम की बुकिंग पर रोक लगाई थी। लेकिन अब स्थिति और गंभीर हो गई है क्योंकि अमेरिका के कस्टम विभाग की नई प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट नियम अभी तय नहीं हुए हैं। इसी कारण एयरलाइंस भी अमेरिका के लिए पार्सल ले जाने को तैयार नहीं हैं।
सरकार ने दी फैसले की जानकारी
सरकार ने टैरिफ टेंशन के बीच लिए गए इस फैसले की जानकारी देते हुए इसके पीछे के कारणों का भी जिक्र किया। संचार मंत्रालय की ओर से कहा गया कि अमेरिका जाने वाले डाक के परिवहन में एयरलाइंस की लगातार असमर्थता और इसके साथ ही अमेरिका द्वारा लागू किए जा रहे नए नियमों के तहत रेग्युलेटरी मैकेनिज्म के अभाव में लेटर, डॉक्युमेंट्स और 100 डॉलर तक मूल्य के गिफ्ट आइटम समेत सभी कैटेगरी के डाक की बुकिंग को पूरी तरह से सस्पेंड किया जा रहा है।
‘सेवाएं बहाल करने के प्रयास जारी’
अमेरिका में नए नियमों के बाद बीते 22 अगस्त को सरकार की ओर से बताया गया था कि उन पत्रों, डॉक्युमेंट्स और गिफ्ट आइटम, जिनका मूल्य 100 अमेरिकी डॉलर तक है, उन्हें छोड़कर अमेरिका के लिए निर्धारित सभी प्रकार की डाक की बुकिंग 25 अगस्त से अस्थायी रूप से निलंबित करने का निर्णय लिया गया है। लेकिन अब सरकार ने सभी कैटेगरी की डाक बुकिंग को पूरी तरह से सस्पेंड कर दिया है। हालांकि, डाक विभाग ने अपने नोटिस में साफ कहा है कि सरकार हर स्थिति पर पैनी नजर रख रही है और जल्द से जल्द सेवाओं को बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

बुक हो चुके सामान का क्या?
डाक विभाग ने ग्राहकों को आश्वस्त किया है कि जिनका सामान बुक हो चुका है लेकिन भेजा नहीं जा सका है, उन्हें पूरा पैसा वापस किया जाएगा। विभाग का कहना है कि वह स्थिति पर नज़र बनाए हुए है और जैसे ही समस्या का हल निकलता है, सेवा फिर से शुरू कर दी जाएगी।
अमेरिका ने भारत पर लगाया है डबल टैरिफ
भारत और अमेरिका के बीच टेंशन ट्रंप के टैरिफ अटैक के बाद बढ़ती नजर आई है। दरअसल, अमेरिका की ओर से पहले भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया है, जो 1 अगस्त 2025 से प्रभावी हो गया था। लेकिन इसके बाद रूसी तेल और हथियारों की खरीद को मुद्दा बनाते हुए अमेरिका की ओर से भारत पर 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ लगाते हुए बीते 27 अगस्त से इसे बढ़ाकर 50 फीसदी कर दिया गया। इसके साथ ही भारत ब्राजील के साथ ऐसे देशों की लिस्ट में सबसे ऊपर खड़ा हो गया है, जिस पर ट्रंप ने सबसे ज्यादा टैरिफ लगाया है।