Andaman and Nicobar Islands: भारतीय तटरक्षक बल के जहाज ‘राजवीर’ ने इस जोखिम भरे अभियान को अंजाम देकर नौका को कैंपबेल बे तक सुरक्षित पहुंचाया।
Indian Coast Guard Rescue America Boat: भारतीय तटरक्षक बल ने अमेरिका की याच सी एंजेल नाम (Yacht Sea Angel) की नाव को बचा लिया। इस नाव को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पास से बचाया गया है। नौका में एक अमेरिकी और एक तुर्की नागरिक सवार थे, जो तेज हवाओं और उबड़-खाबड़ समुद्र में अपनी नौका के खराब होने के कारण संकट में थे। भारतीय तटरक्षक बल के जहाज ‘राजवीर’ ने इस जोखिम भरे अभियान को अंजाम देकर नौका को कैंपबेल बे तक सुरक्षित पहुंचाया।
बता दें कि यह नाव खराब मौसम की वजह से समंदर में ही फंस गई थी, जिसके बाद तत्परता दिखाते हुए भारतीय तटरक्षक बल ने याच सी एंजेल को बचाया। 10 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे पोर्ट ब्लेयर के तटरक्षक केंद्र को मदद का संदेश मिला। इस नाव में दो लोग सवार थे। तेज हवाओं में नाव का पाल फट गया था, और प्रोपेलर में कुछ फंस गया था, जिसके कारण नाव आगे नहीं बढ़ पा रही थी। यह नाव इंदिरा पॉइंट से 52 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व में थी।
संकट का संदेश मिलते ही एमआरसीसी पोर्ट ब्लेयर की तरफ से अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा नेटवर्क को एक्चिव किया गया। आसपास के सभी व्यापारिक जहाजों को सतर्क कर दिया गया. राहत और बचाव के लिए आईसीजीएस राजवीर को दोपहर 2 बजे रवाना किया गया। आईसीजीएस राजवीर करीब 5:30 बजे नाव तक पहुंचा और नाव में फंसे दोनों लोगों से संपर्क किया। खास बात यह रही कि खराब मौसम के बावजूद भी यह दोनों लोग सुरक्षित थे।
बचाव दल ने पाया कि नौका की पाल पूरी तरह से फटी हुई थी और प्रोपेलर रस्सियों में उलझा था, जिसके कारण नौका गतिहीन थी। तटरक्षक बल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 10 जुलाई को शाम 6:50 बजे नौका का संचालन करना शुरू किया। लगभग 13 घंटे के कठिन अभियान के बाद, ‘सी एंजल’ को 11 जुलाई को सुबह 8:00 बजे कैंपबेल बे में सुरक्षित लाया गया।
दोनों चालक दल के सदस्य पूरी तरह से सुरक्षित हैं, और नौका को बंदरगाह पर लंगर डालकर मरम्मत के लिए तैयार किया गया है। इस अभियान ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग की मिसाल भी पेश की। भारतीय तटरक्षक बल का यह प्रयास न केवल उनकी वीरता का प्रतीक है, बल्कि यह भी दिखाता है कि वे किसी भी संकट में मानव जीवन की रक्षा के लिए हमेशा तैयार हैं।