जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं, कार्रवाई होते ही आप पार्टी को होती है परेशानी- विज
चंडीगढ़, 11 मई – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “मैं भगवंत मान से कहना चाहता हूँ कि उनकी पार्टी भी टूट चुकी है और उनका राजनीतिक घर भी बिखर चुका है। अब उनके लिए बेहतर यही होगा कि वे अपने घर बैठ जाएं, क्योंकि आम आदमी पार्टी का अस्तित्व समाप्ति की ओर है और अब भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलेगा।”
श्री विज आज यहां चण्डीगढ में मीडिया कर्मियों द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवन्त मान के भाई द्वारा भारतीय जनता पार्टी को ज्वाईन करने के संबंध में पूछंे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।
भाजपा के कथित “ऑपरेशन लोटस” को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने आम आदमी पार्टी को घेरते हुए कहा कि “यह कैसे हो सकता है कि कोई चोरी करे और एजेंसियां कार्रवाई भी न करें? यदि किसी के पास ऐसा एक भी उदाहरण हो कि किसी निर्दाेष को फंसाया गया हो, तो वह सामने लाए। जांच एजेंसियां अपना संवैधानिक कार्य कर रही हैं, लेकिन जब कार्रवाई होती है तो आम आदमी पार्टी को परेशानी होने लगती है।”
आम आदमी पार्टी के नेताओं और मंत्रियों के घरों पर ईडी की कार्रवाई के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर श्री विज ने कहा कि अदालतों में तथ्य और सबूतों के आधार पर कार्रवाई होती है। केवल आरोप लगाने से कोई दोषी या निर्दाेष नहीं हो जाता।
पंजाब में हुए विस्फोटों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री विज ने कहा कि “यदि कोई मुख्यमंत्री यह कहता है कि भाजपा ने ब्लास्ट करवाए हैं, तो उन्हें इसके प्रमाण देने चाहिए। भगवंत मान केवल मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि पंजाब के गृह मंत्री भी हैं। यदि उनके पास सबूत नहीं हैं, तो उन्हें अपनी कुर्सी पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।”
मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध और उसके प्रभाव को लेकर पूछे गए सवाल पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण कुछ चुनौतियां अवश्य उत्पन्न हुई हैं, लेकिन भारत इसका कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि संकट के समय समझदारी और संयम के साथ काम करना आवश्यक होता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “जब हम छोटे थे और घर में सब्जी कम होती थी, तो मां सभी को थोड़ा-थोड़ा बांटकर देती थी। उसी प्रकार, जब संसाधनों पर दबाव हो, तो हमें संयम और समझदारी से काम लेना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने देशहित में जो सलाह दी है, वह बिल्कुल उचित है।”
भगवंत मान को आंकड़ों पर ध्यान देने की सलाह देते हुए श्री विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “मेक इन इंडिया” और रक्षा क्षेत्र में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की है। आज भारत दुनिया के अनेक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पंजाब दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर श्री विज ने कहा कि “हम पार्टी के सेवक हैं, और मैं तो बहुत ही छोटा सा आदमी हूं। जब भी पार्टी ने मुझे कहा है, मैंने पार्टी का हुकुम माना है क्योंकि मैं काम करता हूं’’।