Panchkula Police की बड़ी कार्रवाई, 54.50 लाख की साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार
Panchkula cyber fraud case; पंचकूला पुलिस की साइबर क्राइम थाना टीम ने लाखों रुपये की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पंचकूला वासी व्यक्ति को साइबर ठगों ने अपने जाल में फंसाकर करीब 54 लाख 50 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जून 2025 के अंतिम सप्ताह में उसे एक संदिग्ध मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमे व्हाट्सएप के माध्यम से शेयर मार्केट में निवेश के लिए प्रेरित किया। इसके बाद एक लिंक के माध्यम से उसके मोबाइल में एक फर्जी ऐप इंस्टॉल करवाई गई, जिसमें एक व्यक्ति के जरिए निवेश करवाया जाने लगा।
आरोपियों द्वारा विभिन्न बैंक खातों की डिटेल देकर शिकायतकर्ता से 6 जुलाई 2025 से 11 अगस्त 2025 के बीच अलग-अलग खातों में कुल 54.50 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। शुरुआत में ऐप पर मुनाफा दिखाकर और कुछ रकम निकालने की सुविधा देकर आरोपी ने शिकायतकर्ता का विश्वास जीत लिया। बाद में ऐप में करोड़ों रुपये का फर्जी बैलेंस दिखाकर और अधिक निवेश के लिए दबाव बनाया गया। जब शिकायतकर्ता ने और पैसा देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने धमकियां देकर ऐप को बंद कर दिया।
मामले की शिकायत 26 अगस्त 2025 को साइबर पोर्टल पर दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर 29 अगस्त को थाना साइबर क्राइम थाना पंचकूला में बीएनएस की धारा 316(2), 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान साइबर एसएचओ युद्धवीर के नेतृत्व में जांच अधिकारी अभिषेक छिल्लर ने बैंक खातों की गहन पड़ताल करते हुए संदिग्ध खातों की परतें खंगालीं। इसके बाद पुलिस ने पहले आरोपी कृष्णा कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर 7 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। आरोपी के खाते में फ्रॉड की 4 लाख 65000 रकम पाई गई थी। आरोपी से पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि इस ठगी में अन्य आरोपी भी शामिल हैं जिसकी गिरफ्तारी अभी बाकी है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन: साइबर ठग अब नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निवेश के नाम पर फंसा रहे हैं। आमजन को चाहिए कि किसी भी अनजान लिंक या ऐप पर भरोसा न करें और बिना सत्यापन के पैसे ट्रांसफर करने से बचें। पंचकूला पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और इस मामले में शामिल हर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पीड़ित को न्याय दिलाने और उसकी राशि की रिकवरी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
पंचकूला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।