मनीषा का 9वें दिन अंतिम संस्कार, छोटे भाई ने दी मुखाग्नि, भिवानी में इंटरनेट बैन बढ़ा
Bhiwani Teacher Case: भिवानी में मनीषा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मनीषा के छोटे भाई नितेश ने मुखाग्नि दी। शव को भिवानी के सिविल अस्पताल से सीधा गांव ढाणी लक्ष्मण के श्मशान घाट लाया गया था।
Bhiwani Teacher Manishas Case: भिवानी की लेडी टीचर मनीषा का गुरुवार को 9वें दिन अंतिम संस्कार किया गया। मनीषा को उनके छोटे भाई नितेश (13) ने मुखाग्नि दी। इस दौरान पिता संजय फूट-फूट कर रोए। शव को सुबह 8 बजे भिवानी के सिविल अस्पताल से सीधा गांव ढाणी लक्ष्मण के श्मशान घाट लाया गया। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण मनीषा को अंतिम विदाई देने पहुंचे।
मनीषा के निधन के मामले में परिवार और ग्रामीणों की मांग पर सीबीआई जांच के लिए सहमति बनी है। इसके अलावा, एम्स अस्पताल में दोबारा पोस्टमॉर्टम किया गया और शव के सैंपल लिए गए हैं। ग्रामीणों ने मनीषा के निधन को लेकर कई सवाल उठाए थे, जिसके बाद प्रशासन ने जांच को गंभीरता से लिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मनीषा उनकी बेटी थी और इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

अंतिम संस्कार को लेकर गांव में पुलिस तैनात रही। इसके साथ रैपिड एक्शन फोर्स भी मौजूद रही। पुलिस ने बंद रास्तों को JCB के जरिए खुलवाया।
इसके साथ ही भिवानी में इंटरनेट बंद की समय सीमा बढ़ा दी गई है। अगले 24 घंटे भी इंटरनेट बंद रहेगा। वहीं, चरखी दादरी से बैन हटा दिया गया है। हालांकि आज 11 बजे तक यहां इंटरनेट बंद है।
बुधवार को दिल्ली AIIMS में तीसरी बार मनीषा के शव का पोस्टमॉर्टम हुआ। इससे पहले भिवानी सिविल अस्पताल और रोहतक PGI में पोस्टमॉर्टम हुआ था। मनीषा के अंतिम संस्कार के लिए परिवार बुधवार को शाम करीब 6 बजे राजी हुआ था। दरअसल, परिवार ने 2 मांगें सरकार के सामने रखी थीं, जिसमें केस की जांच CBI से कराने और दिल्ली एम्स में पोस्टमॉर्टम करवाना शामिल था।