हाई-राइज बिल्डिंग की 24वीं मंजिल पर लगी आग, एक की मौत और 18 घायल, तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
Mumbai Fire: मुंबई के दहिसर इलाके में शनिवार दोपहर एक 24 मंजिला आवासीय इमारत में आग लग गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हुए।
Fire on 24th floor of High-Rise Building: मुंबई के दहिसर में एक 24 मंजिला इमारत में आग (Mumbai Fire) लगने से एक महिला की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि दहिसर पूर्व के शांति नगर स्थित न्यू जनकल्याण सोसाइटी में दोपहर करीब 3 बजे आग लग गई। अधिकारियों के मुताबिक, 24 मंजिला इमारत में लगी आग में से 36 लोगों को बचाया गया है, जिनमें से 19 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
आग नई जनकल्याण सोसायटी, शांतिनगर, एस वी रोड स्थित इमारत की सातवीं मंजिल पर दोपहर 3:05 बजे लगी। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और सात फायर इंजन समेत कई दमकल वाहनों को तैनात किया गया। आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। राहत-बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।
क़रीब तीन घंटे में आग पर काबू
आग लगने पर कुल 36 लोगों को रेस्क्यू किया गया, जिसमें महिला, पुरुष और बच्चे शामिल थे। उन्हें पास के प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मुंबई नगर निगम की म्युनिसिपल फायर ब्रिगेड (MFB) ने बताया कि आग पर क़रीब तीन घंटे में शाम 6 बजकर 10 मिनट पर पूरी तरह से काबू कर लिया गया।
आग लगने से एक महिला की मौत
रोहित अस्पताल में भर्ती सात लोगों में से एक महिला की मौत हो गई। इनमें से एक पुरुष की हालत गंभीर है। अन्य की हालत स्थिर है। घायलों में से दस को नॉर्दर्न केयर अस्पताल और एक-एक को प्रगति अस्पताल और शताब्दी अस्पताल ले जाया गया।
दहिसर पुलिस सभी अस्पतालों से घायलों की पूरी जानकारी जुटा रही है ताकि उनकी सुरक्षा और इलाज सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। समय पर रेस्क्यू करने की वजह से बड़ी जनहानि टल गई, लेकिन अभी भी घायलों की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।