मामूली विवाद बना जानलेवा, व्यक्ति ने दो पत्नियों पर किया हमला; एक की मौत, दूसरी गंभीर
हरियाणा के जींद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने अपनी दो पत्नियों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में पहली पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पति फरार
दरअसल, पहली पत्नी से बच्चा न होने पर व्यक्ति हर रोज झगड़ा करता था। बीते दिन भी ऐसा हुआ, जिसके बाद पत्नी ने भी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद पति ने सीधा कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पत्नी की मौके पर मौत हो गई। बीच बचाव करने आई दूसरी पत्नी पर भी उसने हमला कर दिया, जिससे वो बूरी तरह घायल हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज दिलबाग सिंह के अनुसार, घटनास्थल पर एक महिला मृत पाई गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल थी, जिसे तुरंत अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मौके से सबूत जुटाने के लिए जांच टीम को बुलाया है। आरोपी वारदात के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।