Banner
Banner

नगर निगम चुनाव 2026 : पंचकूला पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, शहरभर में फ्लैग मार्च कर असामाजिक तत्वों को दी सख्त चेतावनी

Panchkula police flag march :- आगामी 10 मई को होने वाले पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क, सक्रिय और अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस द्वारा आज शहरभर में व्यापक स्तर पर […]
Jaspreet Singh
By : Updated On: 07 May 2026 20:53:PM
नगर निगम चुनाव 2026 : पंचकूला पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, शहरभर में फ्लैग मार्च कर असामाजिक तत्वों को दी सख्त चेतावनी

Panchkula police flag march :- आगामी 10 मई को होने वाले पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क, सक्रिय और अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस द्वारा आज शहरभर में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निकाले गए इस मार्च के माध्यम से जहां आम जनता में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाने का प्रयास किया गया, वहीं असामाजिक तत्वों और चुनावी माहौल को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों को कड़ा संदेश भी दिया गया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

इसी कड़ी में डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में थाना सेक्टर-14 क्षेत्र के अंतर्गत इंदिरा कॉलोनी, राजीव कॉलोनी, बुढ़नपुर, सेक्टर-19, सेक्टर-14 तथा सेक्टर-20 सहित विभिन्न अति संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज, विभिन्न क्राइम यूनिटों के इंचार्ज, संबंधित थाना प्रबंधक और चौकी प्रभारी अपनी टीमों सहित मौजूद रहे। पुलिस की गाड़ियों के काफिले, सशस्त्र स्वैट कमांडो और जवानों की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों को यह स्पष्ट संदेश देना था कि चुनाव के दौरान पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने, माहौल खराब करने या कानून व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को सख्ती से निपटाया जाएगा।

वहीं डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम चुनाव जिले के छह थाना क्षेत्रों के अंतर्गत संपन्न होने हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक थाना क्षेत्र में एक-एक एसीपी को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि चुनाव संबंधी सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। उन्होंने बताया कि आज सभी एसीपी द्वारा संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों की मौजूदगी में अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाले गए तथा मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया गया।
इसके तहत चंडीमंदिर थाना क्षेत्र में एसीपी विक्रम नेहरा, मनसा देवी थाना क्षेत्र में एसीपी दिनेश कुमार, सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में एसीपी अजीत सिंह, सेक्टर-7 थाना क्षेत्र में एसीपी आशीष कुमार, सेक्टर-14 थाना क्षेत्र में एसीपी राकेश कुमार तथा सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में एसीपी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। चेकिंग पॉइंट्स पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री, नकदी, शराब या चुनाव को प्रभावित करने वाली वस्तुओं के आवागमन को रोका जा सके। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और खुफिया तंत्र को भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।

पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने, शांति व्यवस्था बिगाड़ने अथवा आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पंचकूला पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें, ताकि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाया जा सके।

Read Latest News and Breaking News at Daily Post TV, Browse for more News

Ad
Ad