ऑपरेशन हॉटस्पॉट: अपराध-मुक्त हरियाणा की ओर निर्णायक अभियान, 17,285 ठिकानों पर कार्रवाई, 3,915 अपराधी गिरफ्तार
Haryana Police Operation Hotspot; दिसंबर माह की शुरुआत से 22 दिसंबर तक चलाए गए राज्यव्यापी ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ के तहत Haryana Police ने संगठित अपराध, नशा तस्करी, अवैध हथियार और साइबर ठगी के नेटवर्क पर अब तक का सबसे व्यापक और परिणामोन्मुख प्रहार किया। इस सघन अभियान में प्रदेशभर में 17,285 आपराधिक ठिकानों पर दबिश दी गई, 1,736 मुकदमे दर्ज हुए और 3,915 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में 837 लंबे समय से फरार खतरनाक अपराधी शामिल हैं। पुलिस की तत्परता से 31 ऐसे हिंसक अपराधी भी काबू किए गए, जो 17 निर्दोष नागरिकों की हत्या की साजिश को अंजाम देने की तैयारी में थे।
हथियार और नशे के नेटवर्क पर करारा प्रहार
अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए, जिनमें 87 देसी कट्टे, 105 पिस्तौल, 3 रिवॉल्वर, 5 गन/राइफल, 11 मैगजीन तथा 618 जिंदा और 19 खाली कारतूस शामिल हैं। नशा तस्करी के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई में 99.298 किलोग्राम गांजा, 3.780 किलोग्राम हेरोइन, 315 ग्राम स्मैक, 134.491 किलोग्राम पोस्त चूरा, 11.341 किलोग्राम चरस, 467.524 किलोग्राम डोडा पोस्त और 11.809 किलोग्राम अफीम जब्त की गई। इसके अतिरिक्त 3,33,928 नशीली गोलियां और 30,707 कैप्सूल भी पकड़े गए। शराब तस्करों से हजारों बोतलें विभिन्न श्रेणियों की शराब, 1,824 लीटर अवैध शराब और 5,980 लीटर लाहन बरामद हुआ। कार्रवाई में ₹1.24 करोड़ से अधिक नकदी भी जब्त की गई।
इनामी बदमाशों व गैंगस्टरों की गिरफ्तारी
अपराध की जड़ों पर प्रहार करते हुए पुलिस ने 27 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया—इनमें 22 पर ₹5,000, 3 पर ₹10,000 और 1 पर ₹20,000 तक का इनाम घोषित था। इसके साथ ही 146 ‘मेजर कैच’ (तीन या अधिक मामलों वाले अपराधी) पकड़े गए। गुरुग्राम, रेवाड़ी, फरीदाबाद और अंबाला सहित कई जिलों में सक्रिय 14 संगठित गिरोहों से जुड़े अपराधी भी सलाखों के पीछे भेजे गए।
23 दिसंबर की ताज़ा कार्रवाई: दबाव कायम
अभियान की गति बनाए रखते हुए 23 दिसंबर को ही 331 और गिरफ्तारियां की गईं, जिनमें 24 हिंसक अपराधी और 1 इनामी बदमाश शामिल रहा। इस दौरान 3 देसी कट्टे, 1 रिवॉल्वर, 8 जिंदा कारतूस, 1.403 किलोग्राम गांजा, 2.97 ग्राम स्मैक, 4.4 किलोग्राम सुल्फा और 17 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। साथ ही ₹15.34 लाख नकदी, 4 कारें, 7 मोटरसाइकिलें और 6 मोबाइल फोन जब्त किए गए। नकदी बरामदगी में सोनीपत (₹10 लाख) और नूंह (₹3 लाख) ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
सख्त प्रशासनिक कार्रवाई और मानवीय पहल
अपराधियों में भय स्थापित करने हेतु 20 हिंसक अपराधियों के अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए और 14 संपत्तियां कुर्क की गईं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नियंत्रण के लिए 56 लुक-आउट नोटिस जारी हुए और 48 पासपोर्ट रद्दीकरण प्रस्ताव भेजे गए। रिकॉर्ड प्रबंधन में 88 नई हिस्ट्रीशीट खोली गईं और 696 अपडेट की गईं। 110 गन-हाउसों के निरीक्षण के बाद कमियों पर नोटिस जारी किए गए। कड़ाके की ठंड में 13,087 बेसहारा लोगों तक सहायता पहुंचाकर पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता भी प्रदर्शित की। जब्त संपत्तियों में 40 कारें, 92 मोटरसाइकिलें, 20 स्कूटी, 11 ट्रैक्टर, 11 ट्रक/टेम्पो, 2 पिकअप, 1 बस तथा लगभग ₹1.39 करोड़ की अन्य संपत्तियां शामिल हैं।
साइबर ठगी पर बड़ी सफलता: ₹5.56 करोड़ का मामला उजागर
फरीदाबाद साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ₹5.56 करोड़ की ठगी करने वाले दो आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया। व्हाट्सएप ग्रुप और ‘TL FIN’ नामक फर्जी ऐप के जरिए पीड़ित को झांसा देकर निवेश कराया गया था। आरोपियों—विजय कुमार और आकाश शिवाजी—के खातों में ₹65 लाख की ठगी राशि ट्रांसफर पाई गई। आगे की जांच जारी है।
‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’: नरवाना हत्याकांड में गिरफ्तारी
जींद पुलिस ने सीआईए स्टाफ नरवाना की कार्रवाई में इंदिरा कॉलोनी में हुए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी मोहित उर्फ नोनी और दीपक उर्फ काका को गिरफ्तार किया। पुरानी रंजिश के चलते किए गए इस हमले में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी और आगे की जांच प्रगति पर है।
साइबर हेल्पलाइन 1930: त्वरित कार्रवाई, बड़ी राहत
साइबर अपराध पर अंकुश लगाते हुए 310 शिकायतों में रिपोर्ट हुई ₹98.82 लाख की ठगी में से ₹73.54 लाख (74.4%) राशि ठगों के खातों में पहुंचने से पहले ही फ्रीज की गई। 22 साइबर अपराधी गिरफ्तार हुए, 609 मोबाइल नंबर ब्लॉक किए गए और 137 भ्रामक सोशल-मीडिया प्रोफाइल/लिंक हटवाए गए।