ऑपरेशन सेफ्टी: नशे में ड्राइविंग करने पर तीन माह में काटे 1682 चालान, 113 वाहन किए जब्त
पंचकूला/ 01 अप्रैल:-पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने सड़क हादसों को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत नाकेबंदी कर बीते तीन महीनों में अलग-अलग जगहों पर रात के समय नाकाबंदी कर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की एल्कोसैंसर की मदद से जांच की। इस दौरान पुलिस ने 1682 वाहन चालकों के चालान किए और 113 वाहनों को इंपाउंड किया गया है।
एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह ने नशे में ड्राइविंग करने वाले चालकों को नसीहत देते हुए कहा कि सड़क पर आपकी एक छोटी सी लापरवाही, किसी हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन सकती है। शराब पीकर गाड़ी चलाना केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान के साथ एक खतरनाक जुआ है। हमारा मकसद चालान काटना नहीं, बल्कि हर नागरिक की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करना है। नशे को नहीं, जिंदगी को चुनें।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह: पंचकूला की सड़कों पर हुड़दंग और लापरवाही के लिए कोई जगह नहीं है। हमारा अभियान केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन लोगों के लिए एक सख्त चेतावनी है जो सड़क सुरक्षा नियमों को गंभीरता से नहीं लेते। आने वाले दिनों में हमारी नाकाबंदी और अधिक सख्त होगी। पुलिस का सहयोग करें और एक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।