Banner
Banner

त्योहार-उत्सव छोड़ वर्दी का साथ निभाने वाले हमारे पुलिसकर्मी हमेशा रहेंगे इस परिवार का हिस्सा: डीसीपी सृष्टि गुप्ता

पंचकूला/ 29 मई:- समाज की सुरक्षा में अपने जीवन के स्वर्णिम वर्ष समर्पित करने के बाद, आज पंचकूला पुलिस परिवार के चार कर्तव्यनिष्ठ सदस्य अपनी लंबी और गौरवशाली सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हो गए। पंचकूला स्थित पुलिस लाइन में आयोजित विदाई समारोह का माहौल बेहद अनूठा रहा, जहाँ एक तरफ वर्षों की खट्टी-मीठी और मस्ती […]
Jaspreet Singh
By : Updated On: 29 May 2026 16:19:PM
त्योहार-उत्सव छोड़ वर्दी का साथ निभाने वाले हमारे पुलिसकर्मी हमेशा रहेंगे इस परिवार का हिस्सा: डीसीपी सृष्टि गुप्ता

पंचकूला/ 29 मई:- समाज की सुरक्षा में अपने जीवन के स्वर्णिम वर्ष समर्पित करने के बाद, आज पंचकूला पुलिस परिवार के चार कर्तव्यनिष्ठ सदस्य अपनी लंबी और गौरवशाली सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हो गए। पंचकूला स्थित पुलिस लाइन में आयोजित विदाई समारोह का माहौल बेहद अनूठा रहा, जहाँ एक तरफ वर्षों की खट्टी-मीठी और मस्ती भरी यादें थीं, तो दूसरी तरफ ढोल-नगाड़ों की गूंजती धुनें। इस गरिमामयी समारोह में इंस्पेक्टर मुल्ख राज, ऑनरेरी इंस्पेक्टर जसमैल सिंह, ऑनरेरी इंस्पेक्टर मोहिन्द्र सिंह और ईएसएसआई बलविंदर सिंह को उनके बेहतरीन कार्यकाल के लिए पूरे सम्मान के साथ विदाई दी गई। विभाग के आला अधिकारियों और साथी कर्मचारियों ने मुस्कान के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में डीसीपी ने पुलिस सेवा की कठिनाइयों का जिक्र करते हुए कहा कि एक पुलिसकर्मी का जीवन बेहद त्याग भरा होता है। उन्होंने बिना किसी त्योहार या उत्सव की परवाह किए, लगातार खाकी वर्दी का फर्ज निभाने के लिए सभी चारों पुलिसकर्मियों और विशेष रूप से उनके परिवारों का आभार व्यक्त किया। डीसीपी ने विश्वास दिलाया कि भले ही वे आज सेवामुक्त हो रहे हैं, लेकिन पंचकूला पुलिस हमेशा एक परिवार की तरह उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने चारों अधिकारियों को जीवन की इस दूसरी पारी को खुलकर और जी भर के जीने के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।

इस विदाई समारोह में उपस्थित एसीपी सुरेन्द्र सिंह ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके आगामी जीवन को स्वास्थ्य और खुशियों से भरपूर जीने की कामना की। वहीं, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने भी सभी चारों पुलिसकर्मियों के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस विदाई को यादगार बनाने के लिए पुलिस लाइन के स्टाफ और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में लाइन ऑफिसर एसआई अजब सिंह, एसआई मलकीत सिंह, ईएसआई अजमेर सिंह, ईएएसआई रामेश्वरदास और ईएएसआई हरदयाल सिंह ने उपस्थित रहकर अपने पुराने साथियों को विदा किया। इस पूरे गरिमामयी कार्यक्रम का सफल और खूबसूरत मंच संचालन महिला एएसआई शिवानी द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी अनूठी शैली से समारोह में समां बांध दिया।

Read Latest News and Breaking News at Daily Post TV, Browse for more News

Ad
Ad