रूस और यूक्रेन के बीच जल्द हो सकता शांति समझौता, व्हाइट हाउस में जेलेंस्की के सूट की तारीफ
Trump-Zelenskyy Meet: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्धविराम पर चर्चा हुई। इस बार व्हाइट हाउस में ट्रंप उन्हें रिसीव करने पहुंचे और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
Trump and Zelensky Meeting: रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग जल्द ही खत्म हो सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ लंबी बैठक के बाद बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की और राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ उनकी बैठक कराने की व्यवस्था शुरू कर दी है।
इस मुलाकात का मकसद-रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की संभावनाओं पर चर्चा करना रहा। ज़ेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने ट्रंप से फोन पर लंबी बातचीत की, जिसमें ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई अपनी हालिया मीटिंग के मुख्य बिंदुओं को साझा किया। अलास्का में यह बैठक शुक्रवार को हुई थी।
यूरोपीय नेताओं की भी हुई फोन कॉल में एंट्री
ट्रंप और ज़ेलेंस्की की बातचीत के बाद इस कॉल में यूरोपीय नेताओं को भी जोड़ा गया। इसमें ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़, नाटो महासचिव मार्क रूट और यूरोपीय आयोग की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन भी शामिल हुए।
इस बैठक का मकसद यूक्रेन को मदद देने की रणनीति पर चर्चा करना और आगे पश्चिमी देशों के समर्थन की दिशा तय करना था। यूरोपीय नेता चाहते हैं कि ट्रम्प भविष्य में किसी बड़े संघर्ष से बचने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सामने सख्त रुख अपनाएं।
जेलेंस्की बोले- ट्रम्प के साथ हुई बहुत अच्छी बातचीत हुई
जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ बहुत अच्छी बातचीत की। जेलेंस्की ने कहा- मुझे लगता है कि राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ हमारी बातचीत बहुत अच्छी रही। हमने कुछ बहुत महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा की।
ट्रम्प बोले- अभी सीजफायर की संभावना बहुत कम
व्हाइट हाउस में यूरोपीय नेताओं के साथ बातचीत के दौरान ट्रम्प ने कहा कि सभी लोग जल्द से जल्द सीजफायर चाहते हैं, ताकि स्थायी शांति की दिशा में काम किया जा सके। ट्रम्प के मुताबिक जेलेंस्की और पुतिन इस मुद्दे पर सीधी बातचीत कर सकते हैं।
ट्रम्प ने कहा कि उन्हें सीजफायर का विचार पसंद है, क्योंकि इससे तुरंत हत्याएं और हिंसा रुक सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा हो भी सकता है, लेकिन इस वक्त इसकी संभावना कम है।