सेक्टर-26 क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 11 चोरीशुदा वाहन बरामद
Panchkula vehicle theft case; क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 की टीम ने इंचार्ज इंस्पेक्टर दलीप सिंह के नेतृत्व में चोरी की वारदातों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की निशानदेही पर कुल 11 चोरीशुदा वाहन (9 मोटरसाइकिल व 2 एक्टिवा) बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 17 फरवरी को पुलिस टीम गश्त के दौरान रामगढ़ क्षेत्र में मौजूद थी, तभी सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल लेकर घूम रहा है। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए गुरसेवक सिंह पुत्र शमशेर सिंह, निवासी फरीदकोट (पंजाब), हाल निवासी फुनी माजरा (लांडरा),पंजाब को चोरी की मोटरसाइकिल सहित काबू किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी से चोरी के अन्य वाहनों की भी जानकारी मिली जो उसने अलग-अलग स्थानों पर छिपा रखे थे। आरोपी की निशानदेही पर कुल 9 मोटरसाइकिल व 2 एक्टिवा बरामद की गईं, जिन्हें केस प्रॉपर्टी के रूप में थाना में जमा कराया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए वाहनों को सस्ते दामों पर बेच देता था। बरामद वाहनों के इंजन व चेसिस नंबर की जांच करने पर उनके चोरीशुदा होने की पुष्टि हुई है।
आरोपी के खिलाफ थाना चण्डीमन्दिर में बीएनएस की धारा 303(2) व 317(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत भेजा गया है। आरोपी की खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है।
डीसीपी क्राइम ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा:
“पंचकूला पुलिस अपराध पर सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। वाहन चोरी जैसे अपराधों में शामिल तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है व चोरी की वारदातों में कुछ कमी आई है। नागरिकों से अपील है कि अपने वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”