वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा होंगे हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता, सचिवालय ने अधिसूचना जारी
LoP in Haryana Assembly: आदेश में कहा गया है कि इस संबंध में सूचना हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव समेत सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों और लेखा परीक्षकों को भेज दी गई है।
LoP Bhupinder Singh Hooda: हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता का पद आखिरकार तय हो गया है। हरियाणा विधानसभा सचिवालय ने अधिसूचना जारी कर पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को 15वीं विधानसभा का नेता प्रतिपक्ष मान्यता दी है। यह आदेश विधानसभा अध्यक्ष ने नियम-2, कार्य संचालन एवं व्यवसाय आचरण नियमावली के तहत जारी किया है। अधिसूचना 3 अक्तूबर 2025 से प्रभावी होगी।
विधानसभा सचिवालय के सचिव राजीव प्रसाद की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि इस संबंध में सूचना हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजनीतिक व संसदीय कार्य विभाग) समेत सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों और लेखा परीक्षकों को भेज दी गई है। इसके अलावा अधिसूचना की प्रति सभी विधायकों और मान्यता प्राप्त पत्रकारों को भी उपलब्ध कराई गई है।
इस निर्णय के साथ ही विधानसभा में कांग्रेस को अब आधिकारिक रूप से विपक्ष का नेता मिल गया है। लंबे समय से चल रही चर्चा और खींचतान के बाद हुड्डा को विपक्ष का चेहरा घोषित करने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
कांग्रेस खेमे का मानना है कि हुड्डा के नेतृत्व में विधानसभा में विपक्ष और मजबूत होगा और सरकार को जनता से जुड़े मुद्दों पर घेरने की रणनीति को और धार मिलेगी। सूत्रों के मुताबिक अधिसूचना की प्रति हरियाणा सरकार के राजपत्र के विशेष अंक में भी प्रकाशित की जाएगी।