Raksha Bandhan 2025: देश में शनिवार यानी 9 अगस्त को रक्षाबंधन मनाया जाएगा। इस अवसर पर कई राज्यों की सरकारी बसों में महिलाओं का टिकट नहीं लगेगा। कुछ राज्यों दो दिन तो कुछ राज्यों में तीन दिन महिलाओं का टिकट फ्री रहेगा।
Raksha Bandhan free Bus Travel: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड की सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी है। मुफ्त यात्रा की बात करें तो कुछ राज्यों में ये दो दिन और कुछ राज्यों में तीन दिन रहेगी। तीन राज्यों में पहले ही महिलाओं के लिए टिकट फ्री है, जिसमें दिल्ली, पंजाब और कर्नाटक शामिल हैं। आइए जानते हैं कहां-कहां बस सर्विस फ्री रहेगी।
हरियाणा: रक्षाबंधन के त्यौहार पर महिलाओं और उनके 15 वर्ष तक के बच्चों को हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने बुधवार को बताया कि हरियाणा के भीतर चलने वाली ‘साधारण बसों’ के साथ-साथ चंडीगढ़ और दिल्ली जाने वाली बसों में भी मुफ्त यात्रा उपलब्ध होगी। यह सेवा 8 अगस्त की दोपहर 12 बजे से 9 अगस्त की मध्यरात्रि तक उपलब्ध रहेगी।
चंडीगढ़: चंडीगढ़ में भी महिलाएं रक्षाबंधन पर मुफ्त में सफर करेंगी। यह सुविधा चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) और चंडीगढ़ सिटी बस सर्विसेज सोसाइटी (सीसीबीएसएस) द्वारा ट्राइसिटी क्षेत्र (चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला) में संचालित सभी स्थानीय एसी और नॉन-एसी बसों में लागू होगी। यह रियायत ट्राइसिटी की सीमा के बाहर चलने वाली सीटीयू की लंबी रूट की बसों पर मान्य नहीं होगी।
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बार महिलाओं को तीन दिन फ्री में बस से सफर करने का अवसर दिया है और इसके साथ-साथ उनके साथ आने वाली सह यात्री भी मुफ्त में यात्रा की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। ये सेवा यूपी से दूसरे राज्य में जाने वाले महिलाओं को भी मिलेगी। ये सुविधा 8 अगस्त सुबह 6 बजे से शुरू हो चुकी है और 10 अगस्त रात 12 बजे तक जारी रहेगी।
मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश में रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को फ्री बस सेवा दी जा रही है। ये सेवा इंदौर और भोपाल जैसे शहरों में मिलेंगी। इस बारे में इंदौर के मेयर ने जानकारी दी थी। हालांकि, भोपाल में बसों की संख्या कम होने की वजह से थोड़ी दिक्कत आ सकती है मगर भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड भी बहनों को मुफ्त में यात्रा करवा सकता है।
राजस्थान: यहां भी राज्य की सीमाओं के अंदर 2 दिनों तक सभी महिलाओं को मुफ्त बस सेवा का मौका मिल रहा है। ये रोडवेज की बसें हैं, जो बिना टिकट यात्रा करवाएंगी।
उत्तराखंड: धामी सरकार ने 9 अगस्त को राखी के मौके पर सभी महिलाओं को फ्री बस सेवा देने की घोषणा की है। ये भी राज्य की सीमा के अंदर मिलने वाली सुविधा है।
बिहार: यहां भी रक्षाबंधन के मौके पर बहनें मुफ्त बस सेवा का लाभ उठा सकेंगी। सभी महिलाओं को रोडवेज की बसों में बिना टिकट यात्रा की सुविधा मिल रही है। पटना की पिंक बस में भी इसका फ्री यात्रा की सुविधा दी जा रही है।