गैंगस्टर रोहित गोदारा के शूटर्स से STF की मुठभेड़, एक बदमाश काबू, इंस्पेक्टर को लगी गोली
Rewari Encounter: शूटर द्वारा की गई फायरिंग में STF के इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर गोली लगने से घायल हो गए। उनको टांग में गोली लगी बताई गई है।
Encounter in Rewari: रेवाड़ी में बुधवार सवेरे पलवल STF और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। बदमाशों ने पुलिस से घिरा देख कर फायरिंग कर दी। इसमें एक गोली टीम को लीड कर रहे इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर को गोली लगी है। गोली लगने पर उन्हें गंभीर हालात में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस बीच पुलिस ने एक बदमाश को मौके से पकड़ लिया।
इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर की टांग में लगी गोली
जानकारी अनुसार, पलवल की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम एक गैंग को फॉलो कर रही थी। मंगलवार रात को गैंग के शूटरों की लोकेशन रेवाड़ी के पास मिली। STF पुख्ता सूचना और लोकेशन का पता चलने के बाद बुधवार अल सुबह करीब 2:30 बजे रेवाड़ी जिले के खोल थाना क्षेत्र में आने वाले गांव भटेड़ा में पहुंची। यहीं इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर ने अपनी टीम के साथ मौके पर घेरा डाल लिया। इससे पहले की पुलिस शूटरों को पकड़ पाती, अचानक से फायरिंग शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने खुद को घिरा देख कर भागने के लिए पुलिस पर गोलियां चला दी।

शूटरों की तलाश कर रही रेवाड़ी पुलिस
शूटर द्वारा की गई फायरिंग में STF के इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर गोली लगने से घायल हो गए। उनको टांग में गोली लगी बताई गई है। टीम के सदस्य छिल्लर को तुरंत रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद उसको गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस व बदमाशों में मुठभेड़ और STF इंस्पेक्टर को गोली लगने की सूचना मिलते ही रेवाड़ी पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सूत्रों की मानें तो एक बदमाश को पुलिस ने पकड़ा है। लेकिन अभी पुलिस उसका खुलासा नहीं कर रही है। मुठभेड़ के मामले में पुलिस पक्ष रखने से भी अभी बच रही है।