IND vs PAK: पाकिस्तान के खिलाफ खेलने को लेकर सरकार ने अपना स्टैंड साफ कर दिया है। एशिया कप 2025 से ठीक पहले सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। खेल मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि बहुपक्षीय टूर्नामेंट में भारत-पाक मुकाबले पर कोई रोक नहीं होगी।
Pakistan Vs India Asia Cup 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते हमेशा संवेदनशील रहे हैं। राजनीति, सुरक्षा और कूटनीति के अलावा खेल भी इन दोनों देशों के संबंधों का अहम हिस्सा है। भारत सरकार ने गुरुवार यानी 21 अगस्त को एक नई खेल नीति की घोषणा की है, जिसमें पाकिस्तान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों पर साफ रुख पेश किया गया है।
जाने खेल मंत्रालय ने क्या कहा
खेल मंत्रालय ने गुरुवार 21 अगस्त 2025 को कहा कि भारत और पाकिस्तान किसी भी द्विपक्षीय खेल मुकाबले में शामिल नहीं होंगे, लेकिन क्रिकेट टीम को अगले महीने एशिया कप खेलने से नहीं रोका जाएगा। मंत्रालय ने भारत के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के संबंध में नई नीति का अनावरण किया, जिसमें पाकिस्तान पर विशेष ध्यान दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि यह नीति तत्काल प्रभाव से लागू है।
खबरोंं के मुताबिक खेल मंत्रालय की नीति का हवाला देते हुए कहा गया, ‘पाकिस्तान से जुड़े खेल आयोजनों के प्रति भारत का दृष्टिकोण उस देश के साथ व्यवहार करने की उसकी समग्र नीति को दर्शाता है।’ इसमें आगे कहा गया, ‘जहां तक एक-दूसरे के देश में द्विपक्षीय खेल आयोजनों का संबंध है, भारतीय टीमें पाकिस्तान में प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लेंगी। न ही हम पाकिस्तानी टीमों को भारत में खेलने की अनुमति देंगे।’
दूसरे खेलों पर भी लागू होगी नीति
खेल मंत्रालय की ये पॉलिसी सिर्फ क्रिकेट पर लागू नहीं होगी, इसमें दूसरे खेल भी आएंगे। मतलब अब कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी भारत में किसी प्रतियोगिता के लिए भारत में नहीं आ पाएगा और ना ही कोई भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान की सरजमीं पर कदम रखेगा। हालांकि इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स में दोनों टीमें या खिलाड़ी आपस में खेलते नजर आएंगे।
कब है भारत पाकिस्तान का एशिया कप में मैच
एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को भिड़ंत होगी। वहीं फाइनल मैच 29 सितंबर को होगा। यह टूर्नामेंट टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट में खेला जाएगा। वहीं टूर्नामेंट की शुरुआत 9 सितंबर से हो रही है। वैसे भारत और पाकिस्तान की एशिया कप में भिड़ंत 3 बार हो सकती है।
भारत की 15 सदस्यीय टीम
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने गुरुवार को भारत की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया। टीम में सबसे बड़ा बदलाव यह रहा कि युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह शुभमन गिल और कप्तान सूर्यकुमार यादव पर जिम्मेदारी होगी। टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलन साधने की कोशिश की गई है। माना जा रहा है कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए यह चयन किया गया है। भारत का इरादा एशिया कप के जरिए अपनी बेंच स्ट्रेंथ को परखने का भी रहेगा।
पाकिस्तान की 17 सदस्यीय टीम
भारत की तरह पाकिस्तान ने भी अपने खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 17 सदस्यीय स्क्वॉड का ऐलान किया है। एशिया कप में हमेशा की तरह पाकिस्तान का दारोमदार उनके तेज गेंदबाजों और टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों पर रहेगा। 14 सितंबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर दोनों देशों के फैंस में जबरदस्त उत्साह है। यह मुकाबला न सिर्फ दोनों टीमों के लिए बल्कि टूर्नामेंट की दिशा तय करने के लिहाज से भी बेहद अहम साबित हो सकता है।
भारतीय टीम का पूरा शेड्यूल
30 सितंबर- भारत बनाम श्रीलंका
5 अक्टूबर- भारत बनाम पाकिस्तान
9 अक्टूबर- भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका
12 अक्टूबर- भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
19 अक्टूबर- भारत बनाम इंग्लैंड
23 अक्टूबर- भारत बनाम न्यूजीलैंड
26 अक्टूबर- भारत बनाम बांग्लादेश
9 सितंबर से एशिया कप 2025 की शुरुआत
यूएई में एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होने जा रही है। भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। ग्रुप-ए में यह दोनों देश टी20 फॉर्मेट के इस टूर्नामेंट में 14 सितंबर को आमने-सामने होंगे। टीम इंडिया एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ मुकाबले के साथ करेगी। इसके बाद पाकिस्तान से हाईवोल्टेज मैच होगा। ग्रुप चरण में टीम इंडिया का अंतिम मुकाबला 19 सितंबर को ओमान से होगा।
दिलचस्प बात यह है कि 2023 में भारत ने पाकिस्तान जाकर एशिया कप खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद ‘हाइब्रिड मॉडल’ अपनाया गया और भारत के मैच श्रीलंका में हुए। अब भी यही व्यवस्था जारी रहेगी।