सिंथेटिक कोर्ट खिलाड़ियों के घुटनों के लिए सुरक्षित, टेनिस कोर्ट के साथ बैठने की सुविधा होगी : अनिल विज
Haryana News; हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि खेलों में अपनी अलग पहचान रखने वाले अम्बाला छावनी में अब “लॉन टेनिस” के खिलाड़ियों व शौकीनों के लिए भी एक नया ठिकाना बनने जा रहा है। ऊर्जा मंत्री ने खिलाड़ियों को बड़ी खुशबरी देते हुए कहा कि अम्बाला छावनी में आधुनिक सुविधाओं से लैस “दो नए आधुनिक सिंथेटिक टर्फ लॉन टेनिस कोर्ट” का निर्माण किया जाएगा। विज ने बताया कि दोनों आधुनिक लॉन टेनिस कोर्ट अम्बाला छावनी में वॉर हीरोज मेमोरियल स्टेडियम के ठीक साथ अम्बाला क्लब परिसर में “अल्ट्रा मार्डन तकनीक” से बनाए जाएंगे। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने टेनिस कोर्ट निर्माण के लिए 50 लाख रुपए की राशि अपने अपने स्वैच्छिक कोष से नगर परिषद को जारी कर दी है। बहुत जल्द दो लॉन टेनिस कोर्ट का निर्माण किया जाएगा जिससे लॉन टेनिस के शौकीनों व खिलाड़ियों को खेलने का लाभ मिलेगा।
इन कोर्ट्स की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा मिलेगा, जिससे न केवल अभ्यास की गुणवत्ता सुधरेगी बल्कि भविष्य में यहां प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा सकेगा।
यह सुविधा होगी सिंथेटिक टर्फ लॉन टेनिस कोर्ट में
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि योजना के अनुसार टेनिस कोर्ट्स को आधुनिक मानकों पर तैयार किया जा रहा है जिनमें यह सुविधाएं होगी :
डे-नाइट मैच की सुविधा : कोर्ट्स में हाई-मास्ट एलईडी फ्लड लाइट्स लगाई जाएंगी। इससे खिलाड़ियों को गर्मियों के दिनों में कड़ी धूप से राहत मिलेगी और खिलाड़ी रात के समय भी अभ्यास और मैच खेल सकेंगे।
सिंथेटिक टर्फ सर्फेस : मिट्टी के पारंपरिक कोर्ट्स की जगह यहां पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का ‘सिंथेटिक हार्ड कोर्ट’ बनाया जाएगा, जो खिलाड़ियों के घुटनों के लिए सुरक्षित होने के साथ-साथ गेंद को सही उछाल प्रदान करता है।
दर्शकों के बैठने का इंतजाम : मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए यहां दर्शकों व स्पोर्ट स्टाफ के बैठने की उचित व्यवस्था की जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर टेनिस की लोकप्रियता बढ़ेगी।
उभरते टेनिस खिलाड़ियों को प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म मिलेगा : मंत्री अनिल विज
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला क्लब में सरकारी सिंथेटिक कोर्ट्स के बनने से हर वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं को एक किफायती और प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म मिलेगा। नए टेनिस कोर्ट्स न केवल स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देंगे, बल्कि हरियाणा से टेनिस जगत के अगले ‘लिएंडर पेस, ‘महेश भूपति’, ‘सानिया मिर्जा’, ‘रोहन बोपन्ना’ जैसे खिलाड़ी निकल पाएंगे।
अम्बाला छावनी को हरियाणा की ‘स्पोर्ट्स सिटी’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और कदम: अनिल विज
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि खेलों में अम्बाला छावनी विश्व स्तरीय सुविधाओं को छू रहा रहा। वार हीरोज स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय स्तर का फीफा एप्रूव्ड फुटबॉल स्टेडियम, ऑल वेदर स्वीमिंग पूल, जिम्नास्टिक हॉल, बैडमिंटन हॉल, शूटिंग रेंज के बाद टेनिस कोर्ट का यह प्रोजेक्ट अम्बाला छावनी को हरियाणा की ‘स्पोर्ट्स सिटी’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और बड़ा कदम है।