ट्रॉली चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, ट्रॉली व वारदात में प्रयोग ट्रैक्टर बरामद
पंचकूला/ 09 जनवरी :-पंचकूला पुलिस द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाने और चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 की टीम ने एक बड़ी ट्रॉली चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई ट्रॉली (कीमत करीब 2 लाख) व वारदात में प्रयोग किया गया ट्रैक्टर बरामद करने में सफलता हासिल की है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता ने थाना रायपुर रानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार दिनांक 16 दिसंबर को उसकी ट्रॉली पंचकूला के गांव फिरोजपुर स्थित पार्किंग से चोरी हो गई थी। उस समय वह उत्तर प्रदेश गया हुआ था। वापस लौटने पर काफी तलाश के बावजूद ट्रॉली का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की।
मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 के इन्चार्ज इंस्पेक्टर दलीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर 7 जनवरी को कार्रवाई करते हुए आरोपी नरमैल उर्फ निर्मल सिंह, निवासी गांव प्यारेवाला, जिला पंचकूला को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने करनाल–कैथल रोड पर सड़क किनारे से चोरी की गई ट्रॉली को बरामद किया। इसके साथ ही वारदात में प्रयोग किया गया ट्रैक्टर भी पुलिस द्वारा कब्जे में लिया गया है। आरोपी को जमानत पर रिहा किया गया है।
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा, “पंचकूला पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। चोरी, लूट व अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों की सुरक्षा और उनके माल की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”