पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ आरोपी महज 24 घंटे के अंदर दोबारा गिरफ्तार

Panchkula Police Theft Arrest-पंचकूला पुलिस द्वारा तत्पर कार्रवाई करते हुए पुलिस हिरासत से फरार हुए चोरी के आरोपी को मात्र 24 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर एक बार फिर कानून के शिकंजे में लिया गया है। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता द्वारा बताया गया कि पंचकूला निवासी एक शिकायतकर्ता, जो सब्जी बेचने का कार्य करता […]
Jaspreet Singh
By : Updated On: 14 Jan 2026 15:08:PM
पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ आरोपी महज 24 घंटे के अंदर दोबारा गिरफ्तार

Panchkula Police Theft Arrest-पंचकूला पुलिस द्वारा तत्पर कार्रवाई करते हुए पुलिस हिरासत से फरार हुए चोरी के आरोपी को मात्र 24 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर एक बार फिर कानून के शिकंजे में लिया गया है।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता द्वारा बताया गया कि पंचकूला निवासी एक शिकायतकर्ता, जो सब्जी बेचने का कार्य करता है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 10 जनवरी को एक युवक ने उसकी दुकान से मौके का फायदा उठाकर 6,000 रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान दीपक निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ 11 जनवरी को थाना सेक्टर-14 में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई तथा उसी दिन आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से चोरी की गई राशि में से 5,000 रुपये नकद भी बरामद किए।

12 जनवरी को आरोपी के कान में दर्द की शिकायत पर पुलिस उसे उपचार हेतु पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सामान्य नागरिक अस्पताल लेकर गई थी। इसी दौरान दवा काउंटर से दवाई खरीदते समय आरोपी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल के बाहर से बाइक पर लिफ्ट लेकर फरार हो गया। आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार होने पर थाना सेक्टर-7 में मामला दर्ज किया गया। पुलिस कमिश्नर द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।

आज आयोजित प्रेस वार्ता में मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 के इंचार्ज मुकेश सैनी के नेतृत्व में, जांच अधिकारी सुनील दीक्षित सहित टीम ने महज 24 घंटे के भीतर फरार आरोपी को सेक्टर-52 चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन: “पुलिस हिरासत से फरार होना एक गंभीर अपराध है। पंचकूला पुलिस अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शने वाली नहीं है। आरोपी की 24 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तारी यह साबित करती है कि हमारी टीमें सतर्क, पेशेवर और पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। कानून से ऊपर कोई नहीं है और आम नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

Read Latest News and Breaking News at Daily Post TV, Browse for more News

Ad
Ad