कोंग्रेस पार्टी में ट्रेनिंग के बाद आएगी और अधिक ताकत : कोंग्रेस नेता कुलदीप शर्मा
Leader Kuldeep Sharma : हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर एवं कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप शर्मा ने सोमवर को भिवानी में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस अब सीधे टकराव के लिए मैदान में उतर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एक सोची-समझी साजिश के तहत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम और विचारधारा को समाप्त करने का प्रयास कर रही है। इसी साजिश के पर्दाफाश और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस मजबूती से सामने आई है।
भिवानी पहुंचे कुलदीप शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना का नाम बदलकर जी राम जी करना मजदूरों के साथ कुठाराघात है। उन्होंने कहा कि मनरेगा गरीबों और मजदूरों के लिए रोजगार की गारंटी का प्रतीक रही है, लेकिन नाम परिवर्तन कर सरकार इसके मूल उद्देश्य को कमजोर कर रही है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार मजदूर विरोधी नीतियों पर चल रही है।
कुलदीप शर्मा ने प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज प्रदेश आंदोलित है। न तो युवाओं को रोजगार मिल रहा है और न ही उनके भविष्य को लेकर कोई ठोस नीति दिखाई दे रही है। परिणामस्वरूप युवा वर्ग अपराध की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बेहद खराब है और आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
कांग्रेस के भविष्य को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी 2005 की तरह एक बार फिर उभर कर सामने आएगी। फिलहाल कांग्रेस की संगठनात्मक ट्रेनिंग चल रही है और इसके पूरा होते ही पार्टी एक नई ऊर्जा और शक्ति के साथ मैदान में उतरेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे।
उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी में किसी प्रकार की अंदरूनी खींचतान नहीं है। सभी नेता अपने-अपने प्रभाव क्षेत्र में पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं और पार्टी को मजबूत करने में जुटे हैं। कुलदीप शर्मा ने राष्ट्रीय मुद्दों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत को आंखें दिखा रहे हैं, जिससे यह साफ प्रतीत होता है कि देश का नेतृत्व कमजोर हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो देश और प्रदेश को सही दिशा दे सकती है।