Banner
Banner

हरियाणा के रोजगार में बाहरी लोगों की एंट्री नहीं चलेगी – दिग्विजय चौटाला

चंडीगढ़, 20 मई। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि आज हरियाणा लोक सेवा आयोग की भर्तियों में भारी अनियमितताओं का खामियाजा प्रदेश के युवाओं को भुगतना पड़ रहा है और अहंकार में डूबी भाजपा सरकार युवाओं की आवाज नहीं सुन रही है। उन्होंने कहा कि एचपीएससी द्वारा […]
Khushi
By : Updated On: 20 May 2026 17:27:PM
हरियाणा के रोजगार में बाहरी लोगों की एंट्री नहीं चलेगी – दिग्विजय चौटाला

चंडीगढ़, 20 मई। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि आज हरियाणा लोक सेवा आयोग की भर्तियों में भारी अनियमितताओं का खामियाजा प्रदेश के युवाओं को भुगतना पड़ रहा है और अहंकार में डूबी भाजपा सरकार युवाओं की आवाज नहीं सुन रही है।

उन्होंने कहा कि एचपीएससी द्वारा एक तरफ तो हजारों रिक्त पदों की भर्तियां पूरी नहीं की जा रही है और दूसरी तरफ जो पद भरे जा रहे उनमें बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। बुधवार को दिग्विजय चौटाला पंचकुला में एचपीएससी के अभ्यर्थियों द्वारा दिए जा रहे धरने और विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। सैकड़ों युवाओं के साथ पहुंचे दिग्विजय चौटाला ने अभ्यर्थियों का समर्थन करते हुए कहा कि जेजेपी इस लड़ाई में पूरी तरह युवाओं के साथ खड़ी है।

दिग्विजय ने विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं को पुलिस हिरासत में लेने की कार्रवाई की निंदा की और कहा कि सरकार इस तरह पुलिस बल का प्रयोग करके प्रदेश के युवाओं की आवाज नहीं दबा सकती है।  

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर भारी संख्या में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक दलों के लोगों ने लामबंद होकर पंचकुला में धरना दे रहे अभ्यर्थियों का समर्थन किया और सब ने मिलकर एचपीएससी, हरियाणा सरकार की खराब नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई है। दिग्विजय ने कहा कि एचपीएससी द्वारा हजारों पदों को रिक्त रखने की वजह से हरियाणा के एससी-बीसी अभ्यर्थियों के रोजगार के अधिकारों का हनन हुआ है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के करीब 1800 पदों को भी भरने में राज्य सरकार देरी कर रही है, जिसका विरोध किया गया।  

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अब हमें इस बात का फैसला लेना होगा कि हमारी धरती पर हमारे पुरखों की मेहनत से स्थापित किए गए संस्थानों में बाहरी राज्यों से आकर लोग राज नहीं कर सकते है और ये हमारी अस्मिता की लड़ाई है, जिसे हम सबको संगठित होकर लड़ना होगा। दिग्विजय ने कहा कि भाजपा और आरएसएस की गहरी साजिश के चलते खराब हो रही शिक्षा और रोजगार की व्यवस्था और हरियाणा में बाहरी लोगों की एंट्री के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई जारी रखनी होगी।

दिग्विजय ने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार ऐसे युवाओं के साथ अन्याय नहीं कर सकती है और सरकार समय रहते अहंकार से बाहर निकलकर अभ्यर्थियों की मांगों को माने अन्यथा युवा शक्ति सत्ता में बैठे लोगों की कुर्सी छीन कर ही दम लेगी।

Read Latest News and Breaking News at Daily Post TV, Browse for more News

Ad
Ad